दमिश्क / पेरिस। सीरिया की राजधानी दमिश्क (Damascus) से एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों (Emmanuel Macron) की ऐतिहासिक सीरिया यात्रा के दौरान वहां एक जोरदार बम धमाका हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह विस्फोट दमिश्क के उस वीवीआईपी इलाके में हुआ है, जहां राष्ट्रपति मैक्रों का आधिकारिक दस्ता ‘फोर सीजन्स होटल’ (Four Seasons Hotel) में ठहरा हुआ है।
बशर अल असद सरकार के पतन के बाद सीरिया में राजनीतिक स्थिरता बहाल करने के प्रयासों के बीच हुए इस धमाके ने अंतरराष्ट्रीय जगत और सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया है। सीरियाई गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस भीषण विस्फोट में कम से कम 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
#BREAKING: Syria explosion caught on camera during French President Macron visit. 18 people injured including four police officers. Macron is still in Syria. pic.twitter.com/BWen6oJbrd
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) July 7, 2026
असद के जाने के बाद किसी यूरोपीय राष्ट्राध्यक्ष का पहला सीरिया दौरा
राजनयिक मोर्चे पर यह धमाका इसलिए बेहद संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों किसी भी प्रमुख यूरोपीय देश के पहले ऐसे राष्ट्राध्यक्ष हैं, जो सीरिया की धरती पर पहुंचे हैं। साल 2024 में बशर अल असद को सत्ता से हटाकर नए राष्ट्रपति अहमद अल शारा (Ahmad al-Shara) ने सीरिया की कमान संभाली थी।
राष्ट्रपति मैक्रों इसी नई सरकार के साथ द्विपक्षीय संबंधों और राजनीतिक स्थिरता पर चर्चा करने के लिए अहमद अल शारा से मुलाकात करने पहुंचे थे। लेकिन इस धमाके ने सीरिया के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।
मैक्रों के ऑफिस का बयान: “सुरक्षित हैं राष्ट्रपति, यात्रा पर कोई असर नहीं”
धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज आसपास के कई इलाकों में सुनी गई और घटनास्थल से काले धुएं का गुबार आसमान की तरफ उठता देखा गया। हालांकि, इस हमले में फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल पूरी तरह सुरक्षित है।
राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर ताजा अपडेट:
- आवाज नहीं सुनाई दी: रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाका होटल के पास होने के बावजूद राष्ट्रपति मैक्रों और उनके साथ तैनात विशेष फ्रांसीसी सुरक्षा कर्मियों को विस्फोट की आवाज सीधे सुनाई नहीं दी।
- दौरे पर नहीं पड़ेगा असर: एलीसी पैलेस (मैक्रों के ऑफिस) ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि इस धमाके से राष्ट्रपति की सीरिया यात्रा की कार्ययोजना पर कोई असर नहीं पड़ा है और सभी रणनीतिक बैठकें अपने पूर्व निर्धारित सामान्य तरीके से चलती रहेंगी।
सड़कों पर बिखरा खून, पर्यटन मंत्रालय के पास नागरिक क्षेत्र को बनाया निशाना
एक स्थानीय सुरक्षा अधिकारी ने समाचार चैनल ‘अल जजीरा’ से बात करते हुए इस हमले की कड़ी निंदा की है। अधिकारी के अनुसार, यह धमाका सीरियाई पर्यटन मंत्रालय के ठीक पास हुआ है, जो हमेशा आम नागरिकों और राहगीरों से भरा रहता है। प्रशासन ने इसे पूरी तरह से एक ‘अपराधिक और कायराना कार्रवाई’ करार दिया है।
“प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद सड़क पर चारों तरफ खून के छींटे बिखर गए और वहां खड़ी एक कार धू-धू कर जलने लगी। सीरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी SANA के अनुसार, गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि घायलों में चार स्थानीय पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो इलाके की सुरक्षा में तैनात थे।”
विस्फोट के तुरंत बाद दमिश्क पुलिस ने होटल की ओर जाने वाली सभी मुख्य सड़कों को पूरी तरह से ब्लॉक (बंद) कर दिया है और पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू कर दिए गए हैं। खोजी एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं। हालांकि, अभी तक सीरिया के किसी भी स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय विद्रोही गुट ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

















