
पवित्र अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। इस बीच प्रोपागेंडा फैलाने वाले लगातार सोशल मीडिया के जरिए झूठी खबरें फैलाकर न केवल सरकार को बदनाम कर रहे हैं, बल्कि लोगों में भी दहशत का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे ही एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमले का दावा किया गया है। हालांकि,पीआईबी फैक्ट चेक ने जांच के बाद इसे फेक न्यूज करार दिया है।
मामला कुछ यूं है कि ‘ProudIndianNa’ ने दावा किया था कि श्रीनगर के लाल चौक के पास अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही बस पर हमला हुआ। पोस्ट में बसों में आग लगने का भी दावा किया गया था। साथ में एक वीडियो भी शेयर किया गया था, जो इस घटना का होने का दावा करता था। यह पोस्ट जल्दी वायरल होने लगा।
पीआईबी फैक्ट चेक ने मामले की जांच की तो यह पूरा दावा फेक निकला। हकीकत ये है कि श्रीनगर में अमरनाथ यात्रियों पर कोई ऐसा हमला नहीं हुआ। कोई बस नहीं जली और न ही कोई तीर्थयात्री प्रभावित हुए।
पीआईबी फैक्ट चेक में सामने आया है कि यह वीडियो असल में नाइजीरिया का है। वहां का एक आग का पुराना इंसिडेंट था, जिसे अमरनाथ यात्रा से जोड़कर गलत तरीके से शेयर किया गया। सरकार की तरफ से साफ कहा गया है कि लोगों को ऐसी संवेदनशील खबरों में केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करना चाहिए। सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने वाली ऐसी खबरें अक्सर पुरानी या दूसरे देशों की घटनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश की जाती हैं।