उत्तराखंड

ऋषिकेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, 20 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

ऋषिकेश के IDPL ग्राउंड में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। 20 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी में कई बड़े ऐलान हुए।

Published by
उत्तराखंड ब्यूरो

ऋषिकेश। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री को उनके कार्यकाल के सफलतम 5 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी।

सेवा पखवाड़ा के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार एवं टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से सेवाएं प्रदान कीं। ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ (एकीकृत प्रयास) के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

विभिन्न विभागों के स्टॉल पर मिली योजनाओं की जानकारी और लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं प्राप्त हुईं।

विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1009 मरीजों की जांच और उपचार

कार्यक्रम में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गंभीर एवं पुरानी बीमारियों के 1009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। शिविर में 212 हड्डी रोगियों, 70 स्त्री रोगियों तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी रोगियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया।

इसके अतिरिक्त 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड एवं 20 आभा कार्ड बनाए गए। 95 एक्स-रे एवं 70 रक्त जांचें की गईं। आयुष विभाग द्वारा 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त 23 लोगों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र हेतु ऑनलाइन पंजीकरण किए गए।

समाज कल्याण विभाग ने स्वीकृत कीं पेंशन, दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

समाज कल्याण विभाग द्वारा विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन सहित 75 लोगों की पेंशन मौके पर स्वीकृत की गई तथा 10 लोगों के यूडीआईडी कार्ड भी निर्गत किए गए। वहीं 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

शिविर में कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन एवं लीड बैंक द्वारा करीब 1200 से अधिक लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों और लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक समूह को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

जापान में रोजगार पाने वाले युवाओं को भी मिला सम्मान

इसके अतिरिक्त कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत अल्मोड़ा, देहरादून तथा टिहरी जनपद के तीन युवाओं का जापान में रोजगार हेतु चयन होने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया। चयनित युवाओं को लगभग ₹1 लाख प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार प्राप्त हुआ है, जिसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया।

मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के लाभार्थियों को भी किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को भी अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

Share

Recent News