ऋषिकेश। गुमानीवाला स्थित गुर्जर प्लॉट, गली नंबर-3 में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मोहम्मद इदरीस का कहना है कि उनके घर पर लगभग छह वर्षों से लोग नमाज़ पढ़ने आ रहे हैं और इसकी जानकारी प्रशासन को है। जुमे की नमाज़ के बाद कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक नमाज़ी को रोककर उससे पहचान और आधार कार्ड के बारे में पूछताछ की। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति मूल रूप से बिहार का निवासी है और उसने स्वयं को ऋषिकेश में कार्यरत बताते हुए नमाज़ पढ़ने आने की बात कही।
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बाहरी लोगों को बुलाकर नमाज़ अदा कराई जा रही है। वहीं, मोहम्मद इदरीस का कहना है कि वह भारत के नागरिक हैं और अपने घर पर नमाज़ पढ़ने का अधिकार रखते हैं। मौके पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

















