गुजरात

कच्छ भुज की NDPS कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 18 पाकिस्तानी और 1 अफगानी को 20 साल की कैद

गुजरात में समुद्री सीमा के जरिए ड्रग्स घुसाने वाले विधर्मियों और पाकिस्तानियों के लिए गुजरात की कच्छ NDPS कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है।

Published by
सोनल अनडकट

गुजरात में समुद्री सीमा के जरिए ड्रग्स घुसाने वाले विधर्मियों और पाकिस्तानियों के लिए गुजरात की कच्छ NDPS कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। 575 करोड़ रुपये की हेरोइन की खेप जखौ समुद्री सीमा से गुजरात में घुसाने की कोशिश करते पकड़े गए 18 पाकिस्तानी और 1 अफगानिस्तानी समेत कुल 19 आरोपियों को कोर्ट ने 20 साल की सजा सुनाई है। प्रत्येक आरोपी पर 2-2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस फैसले को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के काले कारोबार के खिलाफ ऐतिहासिक कानूनी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

भारत और गुजरात के युवाओं को बर्बाद करने के लिए गुजरात की समुद्री सीमाओं से ड्रग्स घुसाने में पाकिस्तानी लगातार सक्रिय रहते हैं। इसी तरह साल 2020, 2021 और 2022 में अलग-अलग 3 मामलों में 575 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ पकड़े गए 19 विदेशी आरोपियों को कोर्ट ने ऐतिहासिक सजा सुनाई है।

साल 2020 में 4 पाकिस्तानी 175 करोड़ की हेरोइन के साथ पकड़े गए

साल 2020 में गुजरात ATS को सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी जखौ के समुद्र में प्रतिबंधित हेरोइन की खेप की डिलीवरी करने आने वाले हैं। जिसके बाद ATS, कोस्टगार्ड, जखौ के अधिकारियों और SOG भुज की ओर से एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर जखौ के समुद्र से एक संदिग्ध बोट पकड़ी गई। बोट की जांच करने पर बोट से 35 किलो हेरोइन बरामद हुआ। जिसकी बाजार कीमत 175 करोड़ रुपये थी। साथ ही 4 पाकिस्तानी आरोपियों को भी दबोच कर उनकी गिरफ्तारी की गई। इन चार पाकिस्तानियों में इस्माइल मोहम्मद जाम (उम्र 50), अनीश ईशा भट्टी (उम्र 30), अबूबकर हाशम कुंगरा (उम्र 70) और अशरफ उस्मान भट्टी (उम्र 42) शामिल हैं।

साल 2021 में 8 पाकिस्तानी 150 करोड़ की हेरोइन के साथ पकड़े गए

साल 2021 में अहमदाबाद ATS को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान के हैदरी पोर्ट से हेरोइन लेकर जखौ के बंदरगाह पर डिलीवर होने वाली है। सूचना के आधार पर ATS ने कोस्टगार्ड समेत अधिकारियों के साथ मिलकर संदिग्ध बोट के साथ 8 पाकिस्तानियों को गिरफ्तार किया। बोट से 150 करोड़ रुपये कीमत की 30 किलो हेरोइन मिली। इन आठ पाकिस्तानियों में मुर्तजा यामीन वसुंधी उम्र 35, यामीन उमर वसुंधी उम्र 65, मुस्तफा यामीन वसुंधी उम्र 33, नसरुल्ला यामीन वसुंधी उम्र 28, हाजी इब्राहिम वसुंधी उम्र 62, सालेमामद अब्दुला वसुंधी उम्र 70, महमूद यासीन महमूद उस्ता मुल्ला उम्र 39, रफीक आमद उस्मानअली मुल्ला उम्र 62 शामिल हैं।

साल 2022 में 250 करोड़ की हेरोइन के साथ 6 पाकिस्तानी और 1 अफगानी पकड़े गए

साल 2022 में फिर ATS को जखौ बंदरगाह पर हेरोइन की डिलीवरी होने की सूचना मिली तो ATS ने संदिग्ध बोट और उसमें बैठे 6 पाकिस्तानी और 1 अफगानी को पकड़ लिया। बोट से 250 करोड़ रुपये कीमत की 50 किलो हेरोइन मिली। पकड़े गए 6 पाकिस्तानियों में अली मोहम्मद बशर मुल्ला उम्र 40, ममताज हारून मुल्ला उम्र 30, शेर मोहम्मद बशरिया बड उम्र 40, मोतिया इद्रीश मुल्ला उम्र 50, इब्राहिम यूसुफ समेजा उम्र 68, जाहिद अब्दुल्ला मुल्ला उम्र 22 शामिल हैं। जबकि एक अफगानी हेकमतुल्ला नूरुल्लाह भी साथ पकड़ा गया था।

NDPS कोर्ट ने सुनाया फैसला

उपरोक्त तीनों केस कच्छ भुज की NDPS कोर्ट में चलने पर कोर्ट ने सभी आरोपियों को NDPS एक्ट की धारा 8(सी) के तहत दोषी  ठहराकर सभी को 20 साल की सख्त कैद की सजा और प्रत्येक आरोपी को 2 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। साथ ही सभी 19 आरोपियों को NDPS एक्ट की धारा 23 (सी) के तहत भी दोषी ठहराकर कोर्ट ने 20 साल की सख्त कैद की सजा और प्रत्येक आरोपी को 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने इन दोनों धाराओं की अलग-अलग सजा भुगतने का भी हुक्म दिया है।

Share

Recent News