गुवाहाटी। गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बीती रात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने मुंबई जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बांग्लादेश निवासी राणा मोल्ला और माफूजा अख्तर लीमा के रूप में हुई है। दोनों को एयरपोर्ट के नव-संचालित टर्मिनल-2 पर मुंबई जाने वाली अकासा एयर की उड़ान में सवार होने से पहले नियमित सुरक्षा जांच के दौरान संदेह के आधार पर रोका गया।
फर्जी आधार कार्ड और कई संदिग्ध दस्तवेज बरामद
विस्तृत जांच के दौरान CISF को उनके पास से फर्जी भारतीय आधार कार्ड सहित कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए आजारा पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह मामला विदेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय पहचान दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
इससे पहले भी असम में गिरफ्तार हो चुके हैं बांग्लादेशी नागरिक
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने फर्जी दस्तावेज कैसे हासिल किए और इस रैकेट में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी सीआईएसएफ ने गुवाहाटी एयरपोर्ट से एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं।

















