बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए अपनी 15 महीने की नातिन से जुड़ा दिल छू लेने वाला किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, ”मैंने हमेशा कहा है कि मैं उनका (पीएम मोदी) बहुत बड़ा फैन हूं। मैं किसी पार्टी की बात नहीं कर रहा हूं, मैं एक लीडर की बात कर रहा हूं। वह मुझे प्रेरित करते हैं। जितना मैं अपने देश से प्यार करता हूं, उतना ही मैं उनसे प्यार करता हूं। उनमें कुछ खास है। मेरी नातिन इवारा भी मोदी जी की फैन है। वह प्रधानमंत्री की तस्वीर को हर रोज बड़े प्यार से लड्डू खिलाती है।”
अभिनेता ने टाइम्स नाउ के साथ बातचीत में कहा, ”आप मानोगे नहीं, मेरी 15 महीने की नातिन की नैनी ने एयरपोर्ट के बाहर एक तस्वीर दिखाकर उसे बताया कि ये मोदी जी हैं। आज हर रोज वह सुबह आती है, साईं बाबा की किताब में मोदी जी की एक बड़ी सी फोटो है। वह उसे खोलकर मोदी जी, मोदी जी बोलती है। गणपति जी के पास से एक लड्डू लेकर आती है और उन्हें खिलाती है।”
‘ये करने को मैंने उससे नहीं बोला’
अपनी बात को जारी रखते हुए उन्होंने आगे कहा, ”ये करने को मैंने उससे नहीं बोला। न ही उसकी मां और नैनी ने बोला है। बस उसे मोदी जी की फोटो दिखाई थी। अब कुछ तो होगा ना, कोई तो बात होगी उनमें। वो अकेली बच्ची नहीं है। हमने उससे कुछ नहीं कहा है। ये कुछ तो मैजिकल है ना।” सोशल मीडिया पर इंटरव्यू का ये क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है।
पीएम मोदी के प्रति अलग-अलग पीढ़ियों का स्नेह
बीजेपी फार इंडिया ने भी इस वीडियो को अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया है। बीजेपी नेता विष्णु वर्धन रेड्डी ने अभिनेता का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए कहा कि सुनील शेट्टी ने बताया कि उनकी 15 महीने की पोती रोजाना पीएम मोदी की तस्वीर को प्यार से लड्डू खिलाती है। यह पीएम मोदी के प्रति अलग-अलग पीढ़ियों के स्नेह और सम्मान की एक दिल छू लेने वाली झलक है।
बता दें कि सुनील शेट्टी की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ इस शुक्रवार (26 जून) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की इस तीसरी फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीस लीड रोल में हैं। पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 15 करोड़ रुपये की कमाई की।

















