ब्रिटेन की सियासत में भूचाल सा आ गया है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की अगुवाई वाली लेबर पार्टी में लगातार असंतोष बढ़ रहा है। स्टार्मर पर इस्तीफे का दबाव भी बढ़ रहा है। इस बीच खबर सामने आ रही है कि वे सोमवार को इस्तीफा दे सकते हैं और अपना इस्तीफा का समय तय कर सकते हैं। हालांकि उनके करीबी सूत्रों ने इन खबरों को सिरे से खारिज किया है।
क्या कहती हैं रिपोर्ट्स
द ऑब्जर्वर अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार्मर ने अपने कुछ कैबिनेट मंत्रियों, सलाहकारों, डोनर्स और ट्रेड यूनियन लीडर्स से बात की है। इसके बाद उन्होंने फैसला किया है कि उनकी पोजीशन अब टिकाऊ नहीं रही। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वे चेकर्स (प्रधानमंत्री का ग्रामीण आवास) पर अपनी पत्नी से सलाह-मशविरा करके अंतिम फैसला लेंगे। लेबर पार्टी के कुछ सीनियर नेता सोमवार तक उनके भविष्य पर कोई साफ बयान की उम्मीद कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: भारत में तेजी से बढ़ी अमीरों की संख्या, 2030 तक होंगे 26,000 हाई नेटवर्थ परिवार, Gen Z की बढ़ी भूमिका
एंडी बर्नहैम की जीत का असर
ये खबरें तब आई हैं जब लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहैम ने ग्रेटर मैनचेस्टर में मेकरफील्ड बाय-इलेक्शन में बड़ी जीत हासिल की है। इससे वे संसद में वापस आ गए हैं और अब वे स्टार्मर को लीडरशिप चैलेंज देने की स्थिति में माने जा रहे हैं। कई लोग उन्हें स्टार्मर का संभावित उत्तराधिकारी मान रहे हैं। दूसरी तरफ, एक सरकारी सूत्र ने साफ कहा है कि प्रधानमंत्री स्टार्मर अभी भी अपने काम पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। वे देश चलाने के काम में लगे हुए हैं और इस्तीफे वाली अटकलों से दूर हैं। सूत्रों के मुताबिक, अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पार्टी के अंदर माहौल
लेबर पार्टी में पिछले कुछ समय से असंतोष बढ़ा हुआ है। खराब पोल नंबर्स, कुछ घोटालों और कैबिनेट में कुछ इस्तीफों की खबरों ने पार्टी को अंदर से कमजोर किया है। स्टार्मर 2024 में बड़ी जीत के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन अब दो साल बाद ही पार्टी के अंदर उन पर दबाव बन रहा है।
क्या कहते हैं स्टार्मर
स्टार्मर ने शुक्रवार को पार्टी के नेताओं से कहा था कि वे किसी भी लीडरशिप चैलेंज से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने पार्टी को एकजुट रहने की अपील की और आपसी कलह से बचने को कहा। बहरहाल अभी तक स्थिति साफ नहीं है। अगर स्टार्मर इस्तीफा देते हैं तो लेबर पार्टी में नया लीडर चुनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एंडी बर्नहैम का नाम इस समय सबसे आगे माना जा रहा है। पार्टी के करीब 100 सांसदों के स्टार्मर के इस्तीफे की मांग करने की भी खबरें हैं।











