नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है। सरकार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) को और ज्यादा आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए एक नया डिजिटल सिस्टम EPFO 3.0 तैयार किया जा रहा है। इस नए सिस्टम के आने के बाद पीएफ से पैसा निकालना पहले से काफी आसान हो सकता है।
PF निकालना होगा आसान
अभी तक कर्मचारियों को अपना पीएफ निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम फॉर्म भरना पड़ता है। इसके बाद कई तरह की जांच और प्रोसेसिंग होती है, जिसमें कई दिन लग जाते हैं। लेकिन EPFO 3.0 का मकसद इसी प्रक्रिया को तेज और सरल बनाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत अपने पैसे का इस्तेमाल कर सकें। नई व्यवस्था में यह सुविधा दी जा सकती है कि कर्मचारी अपने पीएफ खाते को सीधे यूपीआई और एटीएम से जोड़ सकें। इससे वे अपने बैलेंस का कुछ हिस्सा तुरंत निकाल पाएंगे। बताया जा रहा है कि एटीएम से पैसे निकालने के लिए एक विशेष EPF कार्ड दिया जा सकता है, जो डेबिट कार्ड की तरह काम करेगा। वहीं यूपीआई के जरिए पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर हो सकेगा।
हालांकि पूरी राशि निकालने की सुविधा नहीं होगी। अनुमान के अनुसार एटीएम से करीब 75% तक और यूपीआई से लगभग 50% तक राशि निकाली जा सकती है। बाकी पैसा सुरक्षित रहेगा, जो रिटायरमेंट के समय या खास परिस्थितियों में ही निकाला जा सकेगा। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी जरूरी होंगी। जैसे कर्मचारी का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिव होना चाहिए, आधार, पैन और मोबाइल नंबर लिंक होना चाहिए और पूरी KYC प्रक्रिया अपडेट होनी चाहिए। इसके अलावा बैंक खाता भी EPFO से जुड़ा होना जरूरी होगा। सरकार ने इस नए सिस्टम को लागू करने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के साथ मिलकर काम शुरू किया है। जैसे ही यह सिस्टम शुरू होगा, उमंग ऐप या EPFO पोर्टल पर नए विकल्प दिखाई दे सकते हैं, जिससे लोग सीधे यूपीआई से अपने पीएफ को लिंक कर सकेंगे।













