कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO अपने करोड़ों खाताधारकों के लिए नई सुविधा लाने जा रहा है। अब जल्द ही लोग UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF का पैसा आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे PF निकालने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी।
UAN एक्टिव और सही जानकारी होना जरूरी
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि EPFO 3.0 के तहत यह नई सुविधा शुरू की जाएगी। इसका मकसद लोगों को बिना ज्यादा परेशानी के जल्दी पैसा उपलब्ध कराना है। फिलहाल EPFO 5 लाख रुपये तक के कुछ दावों के लिए ऑटो-सेटलमेंट की सुविधा भी दे रहा है, जिससे लोगों को तेजी से भुगतान मिल रहा है। हालांकि इस नई सुविधा का फायदा उठाने के लिए खाताधारकों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। सबसे जरूरी बात यह है कि आपका UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर एक्टिव होना चाहिए। अगर UAN एक्टिव नहीं होगा, तो आप ऑनलाइन सेवाओं और नई डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा आपके PF खाते में दर्ज सभी जानकारी सही होनी चाहिए। जैसे नाम, जन्मतिथि, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते की जानकारी एक जैसी होनी जरूरी है। अगर किसी जानकारी में गलती होगी, तो आपका पैसा अटक सकता है।
यह भी पढ़ें- UAN नंबर नहीं मिल रहा?इस आसान ट्रिक से तुरंत करें रिकवर
यह भी जरूरी है कि जिस बैंक खाते से आपका UPI जुड़ा है, वही बैंक खाता EPFO पोर्टल पर अपडेट हो। गलत बैंक डिटेल होने पर पैसा ट्रांसफर होने में परेशानी आ सकती है। साथ ही आपका मोबाइल नंबर भी UAN से लिंक होना चाहिए। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए OTP वेरिफिकेशन जरूरी होता है। अगर मोबाइल नंबर पुराना या बंद है, तो उसे तुरंत अपडेट करा लेना चाहिए। EPFO की यह नई सुविधा उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद होगी, जिन्हें तुरंत पैसों की जरूरत होती है। पहले PF निकालने में कई दिन लग जाते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया और तेज हो सकती है। अगर आप भी इस नई UPI सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, तो अभी से अपने UAN, बैंक खाते और जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर कर लें।














