नई दिल्ली/रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के दफ्तर पर हमले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स में जांच सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि संघ कार्यालय पर हमला करने वाले तीनों आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ( ISI) के संपर्क में थे। जिन्हें ISI ने सोशल मीडिया के माध्यम से भर्ती किया था। जांच एजेंसियों ने आरोपियों को बिहार के गया स्टेशन से पकड़ा है। संघ कार्यालय पर हमला करने वाले तीनों आरोपी झारखंड के ही रहने वाले हैं। एक आरोपी रांची और और दो आरोपी लोहरदगा का रहने वाला हैं।
वारदात के ठीक पहले ही असेंबल किया था बम
मीडिया रिपोर्ट्स में जांच एजेंसी से जुड़ें सूत्रों का कहना है कि संघ कार्यालय पर बम से हमला करने वाले आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े थे। आईएसआई ने ही इन आरोपियों को संघ कार्यालय पर हमले का टास्ट किया था। आरोपियों ने बकायदा रेकी कर इस हमले को अंजाम दिया था। गौरतलब है कि 16 जून की रात करीब 11 बजकर 35 मिनट पर रांची स्थित संघ कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंके गए थे। एक बम संघ दफ्तर के गेट के बाहर बरामद हुआ जबकि दूसरा पेट्रोल बम संघ कार्यालय की छत पर फेंका गया था। आरोपियों ने इन बम को घटना को अंजाम देने से ठीक पहले असेंबल किया था।
अमेरिका-ईरान शांति समझौते में क्या-क्या? 8 बिंदुओं में समझिए दोनों देशों के बीच लागू ‘एग्रीमेंट’
इस हमले का पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद अब इस हमले के पीछे शहजाद भट्टी मॉड्यूल के होने का शक जताया जा रहा है। जांच एजेंसियां इस एंगल से भी हमले की जांच कर रही हैं। हाल ही में दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों की पुलिस टीम के साथ मिलकर शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था जो कि दिल्ली सहित देश के अन्य शहरों को दहलाने की साजिश रच रहे थे। ऐसे में इस हमले के पीछे भी इसी आतंकी मॉड्यूल का हाथ होने का शक जताया जा रहा है।
हालांकि अभी जांच एजेंसियों ने इस हमले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की है। ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि हमले में पकड़े गए तीनों आरोपी एक विशेष समुदाय से हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ-साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 और गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम (UAPA) 1967 की धाराएं भी लगाई गई हैं। फिलहाल एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है।














