उधम सिंह नगर: स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड की विशेष टीम द्वारा देर रात्रि सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ करने के बाद एक इंग्लिश पिस्तौल 5 कारतूस, 4 डेटोनेटर, और 02, AK 47 के कारतूस भी बरामद किए हैं।
एसएसपी अजेय सिंह के मु स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, देश की एकता,अखंडण्ता, संम्प्रभुता व सुरक्षा को प्रभावित करने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए एक सूचना के आधार पर थाना गदरपुर, जनपद उधमसिंहनगर निवासी मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
सोशल मीडिया पर फैलाया जिहादी विचारधारा
आरोप है कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम, टेलीग्राम एवं सिग्नल) के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी एवं जिहादी विचारधारा से जोड़ने तथा सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के विरुद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा था। एसटीएफ टीम द्वारा उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान सिग्नल एवं टेलीग्राम एप पर कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहाद, शहादत तथा राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित सामग्री और संदेश पाए गए। प्रारंभिक जांच में युवाओं को भ्रमित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने संबंधी गतिविधियों के संकेत मिले हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक जांच में आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय/ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। इन कनेक्शनों की सत्यता एवं दायरे की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान चैट्स में हथियार, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं उनकी आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
बचने के लिए चैट डिलीट किए
एसएसपी ने बताया कि आरोपी द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि कुछ चैट एवं संपर्कों को उसने डिलीट कर दिया था। साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है। पूछताछ में संवेदनशील जानकारी मिली है। एसएसपी अजेय सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसके भीतर कट्टरपंथी सोच विकसित हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके विरुद्ध धारा 152, 61(2) बीएनएस तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66(C) एवं 66(F) के तहत कार्रवाई करते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त अपराधी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया गया है, प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय सोर्स से जानकारी में आया है की देश विरोधी गतिविधियों में पाकिस्तान द्वारा मलेशिया से एक व्यक्ति (handler) द्वारा इसको संचालित किया जा रहा था और किसी घटना को अंजाम देने के लिए तैयारी हो रही थी। सभी अभिसूचना एजेंसी और संबंधित को अवगत करा कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

















