सोने-चांदी की चमक एक बार फिर मंद पड़ती नजर आ रही है। MCX के बाद अब सर्राफा बाजारों में भी कीमती धातुओं के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बदलते वैश्विक आर्थिक हालात और बाजार में उतार-चढ़ाव का असर सीधे तौर पर निवेशकों की जेब पर दिख रहा है। आज के कारोबार में 24 कैरेट सोना और चांदी दोनों ही तेज गिरावट के साथ खुले, जिससे बाजार में हलचल बढ़ गई है।
सोना-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट
आज 24 कैरेट सोने का भाव 556 रुपये गिरकर 1,50,107 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है, जहां यह 744 रुपये टूटकर 2,48,435 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। विशेषज्ञों के अनुसार जून महीने में अब तक सोना 6,356 रुपये और चांदी 24,915 रुपये तक सस्ती हो चुकी है, जो निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी रेट में यह स्पष्ट किया गया है कि इन दरों में जीएसटी शामिल नहीं है। IBJA दिन में दो बार रेट जारी करता है- पहली बार दोपहर करीब 12 बजे और दूसरी बार शाम 5 बजे के आसपास। वर्तमान में जारी रेट दोपहर वाले सत्र के हैं।
अगर लंबी अवधि के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना अपने अब तक के ऑल टाइम हाई 1,76,121 रुपये प्रति 10 ग्राम से लगभग 26,014 रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी भी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर 3,85,933 रुपये प्रति किलो से करीब 1,37,498 रुपये नीचे आ गई है। ईरान युद्ध जैसे भू-राजनीतिक तनाव के समय की तुलना करें तो सोना अब तक 8,990 रुपये और चांदी 19,465 रुपये तक कमजोर हुई है। सिर्फ 24 कैरेट ही नहीं, बल्कि अन्य कैरेट के सोने में भी गिरावट देखने को मिली है। 23 कैरेट सोना 556 रुपये टूटकर 1,49,504 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। 22 कैरेट सोने में 511 रुपये की गिरावट दर्ज हुई, जिसके बाद इसका भाव 1,37,496 रुपये हो गया है। वहीं 18 कैरेट सोना 418 रुपये गिरकर 1,12,579 रुपये और 14 कैरेट सोना 327 रुपये टूटकर 87,811 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।













