उन्नाव जनपद में साधु की हत्या करने वाला मुख्य अभियुक्त इसराइल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। इस हत्याकांड में चार अभियुक्तों को पहले ही पुलिस ने जेल भेज दिया था। इसराइल काफी दिनों से फरार चल रहा था। रविवार की देर रात पुलिस ने जब उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया तो इसराइल की तरफ से पुलिस पर गोली चलाई गई। पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई में इसराइल गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसे मृत्यु घोषित कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला
उन्नाव जनपद में गत 9 जून को म्यूजिक सिस्टम बजाने के विवाद में साधु मिलन दास की चाकू मार की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद तहरीर के आधार पर इसराइल यामीन, शानू, शमी और अजय गौतम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसराइल हत्या के बाद से फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अभियुक्त इसराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इसराइल को गिरफ्तार करने का प्रयास किया।
जैसे ही पुलिस ने उसे आत्म समर्पण के लिए कहा, इसराइल ने पुलिस पर गोली चला दिया। गोली उपनिरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। एसओजी के सिपाही विकास भदौरिया के हाथ में गोली। पुलिस की ओर से गोली चलाई गई जिसमें इसराइल को गोली लगी। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया। वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल से चाकू, 315 बोर का कट्टा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।











