Suresh Rathore Arrested: देहरादून से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को डालनवाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्या प्रकरण से जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के मामले में की गई है। ये मामला देहरादून के डालनवाला थाने में दर्ज हुआ था।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी एस डोभाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरेश राठौर को हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
क्या कहती है पुलिस
पुलिस के अनुसार, सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे ऑडियो और वीडियो साझा किए, जिनमें कुछ भाजपा नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित की गई।
इस मामले में सुरेश राठौर से पूर्व में पुलिस द्वारा पूछताछ भी गई थी। अंकिता भंडारी हत्याकांड मामला सीबीआई के पास है उसकी भी अलग से जांच पड़ताल की जा रही है। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर समय-समय पर कई दावे और आरोप सामने आते रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ ऑडियो और वीडियो में कथित तौर पर कई नेताओं के नाम लिए जाने का दावा किया गया था।
इन सामग्रियों के वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। पुलिस अब वायरल सामग्री की सत्यता, उसके स्रोत और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।

















