वाराणसी। काशी में अब शहर के भीतर गली-मोहल्लों में मीट-मांस और मछली की बिक्री जल्द ही बंद हो जाएगी। नगर निगम ने शहर को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत मीट-मांस व मछली की सभी दुकानों को शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में मैदागिन स्थित टाउनहाल भवन में आयोजित सदन की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी और इसकी रूपरेखा भी स्पष्ट की गई। बैठक में शहर के चतुर्दिक विकास, अतिक्रमण और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
शहर के बाहर बसेंगे नए बाजार
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सदन को बताया कि योजना के प्रथम चरण के लिए पांच स्थानों का चयन कर लिया गया है। ये सभी स्थल शहर की बाहरी सीमा के निकट स्थित हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आगामी दिनों में शहर के भीतर संचालित मीट-मछली की दुकानों को रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जाएगा।

















