महाराष्ट्र

आरोपी दानिश ने पीड़िता हिंदू लड़की को जबरन दिखाए पाक मौलवियों और जाकिर नाइक के VIDEO, TCS केस की चार्जशीट में कई खुलासे

आरोपी दानिश ने मानसिक तनाव कम करने के लिए पीड़िता हिंदू लड़की को तस्बीह पढ़ने और इस्लामिक तरीके से इबादत करने की भी सलाह दी थी।

Published by
Lalit Fulara

नई दिल्ली /महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से जुड़े यौन उत्पीड़न और कन्वर्जन मामले की चार्जशीट से कई अहम खुलासे हुए हैं। चार्जशीट में बताया गया है कि किस तरह से कन्वर्जन केस का मुख्य आरोपी दानिश पीड़िता हिंदू लड़की को इस्लाम कबूलने के लिए दबाव बना रहा था। वह और उसके साथी पीड़िता हिंदू लड़की पर जबरन पाकिस्तानी मौलवियों और विवादित कट्टरपंथी जाकिर नाइक के वीडियो देखने का दबाव डालते थे।

दानिश ने पीड़िता हिंदू लड़की को दी थी तस्बीह पढ़ने की सलाह
आरोपी दानिश ने मानसिक तनाव कम करने के लिए पीड़िता हिंदू लड़की को तस्बीह पढ़ने और इस्लामिक तरीके से इबादत करने की भी सलाह दी थी। वह पीड़िता को पूरी तरह से हिंदू धर्म से अलग करना चाहता था और उसे इस्लाम अपनाने के लिए इस्लामिक रिति-रिवाज से पूजा-पाठ करने की सलाह दे रहा था। आरोपी दानिश के साथी तौसीफ अत्तार और निदा खान को पीड़िता को इस्लाम की जानकारी देने का काम सौंपा गया था।

देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज केस की चार्जशीट में कहा गया है कि तौसीफ अत्तार ने पीड़िता को यूट्यूब पर जाकिर नाइक, पाकिस्तानी मौलवी तारिक जमील और  इसरार अहमद के वीडियो खोजने और उनके भाषण सुनने का निर्देश दिए थे। कन्वर्जन की दूसरी आरोपी निदा खान एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए कर्मचारियों को निशाना बनाती थी। वह महिला कर्मचारियों पर नमाज पढ़ने, नॉन-वेज खाने और इस्लामिक तौर-तरीकों के हिसाब से कपड़े पहनने व व्यवहार करने का दबाव डालती थी।

पीड़िता हिंदू लड़की को दी गई इस्लाम से जुड़ी बातों की जानकारी
पीड़िता हिंदू लड़की को इस्लाम से जुड़ी कई अवधारणाएं जैसे जन्नत, जहन्नुम, कुर्बानी, बकरीद और आब-ए-जमजम (जमजम का पानी) के बारे में बताया गया था। पीड़िता हिंदू लड़की ने अपने बयान में कहा है कि उसे इस बात का यकीन दिला दिया गया था कि अगर वह इस्लाम अपना लेगी तो उसका मानसिक तनाव कम हो जाएगा। उसने अपने बयान में कहा है कि आरोपियों द्वारा बताई गई बातों पर वह धीरे-धीरे विश्वास करने लगी थी। इस मामले में एसआईटी ने मई में पहली चार्जशीट में 106 गवाहों के बयान दर्ज किए थे। इनमें पीड़िता, उसकी मां, टीसीएस के कर्मचारी, कंपनी की ‘पॉश’ कमेटी के सदस्य और जांच अधिकारी शामिल हैं। जांच का दायरा बढ़ने के बाद मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज 8 एफआईआर से जुड़ी एक दूसरी चार्जशीट भी दाखिल की गई है। इस केस में कुल 9 कर्मचारियों ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। मामले में आरोपी दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, निदा खान के साथ रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और अश्विनी अशोक चैनानी शामिल हैं। ये सभी अभी न्यायिक हिरासत में हैं।

Share