पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार ने चुनावों से पहले महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अन्नपूर्णा योजना (Annapurna Yojana) की घोषणा की थी। 1 जून 2026 से इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता देने की प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। यही नहीं सरकार ने फुर्ती दिखाते हुए 3 जून 2026 से ही लाभार्थियों के खातों में पैसे भेजने की शुरुआत भी कर दी है।
इस योजना के तहत राज्य की जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। यदि आप या आपके परिवार का कोई सदस्य इस योजना का लाभ उठाना चाहता है, तो इसके नियम, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की पूरी प्रक्रिया को समझना बेहद जरूरी है। यह सारी जानकारी हम आपके लिए लेकर आए हैं।
क्या है अन्नपूर्णा योजना का उद्देश्य?
पश्चिम बंगाल सरकार की इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। बिचौलियों और भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए इस योजना में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। यानी राशि सीधे महिला लाभार्थी के लिंक किए गए बैंक खाते में जमा हो जाएगी।
कौन आवेदन कर सकता है और कौन नहीं?
सरकार ने इस योजना का लाभ केवल वास्तविक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं तक पहुंचाने के लिए कुछ बेहद कड़े और स्पष्ट नियम तय किए हैं। हर आवेदक महिला को इन शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा
- इस योजना का लाभ केवल वे महिलाएं उठा सकती हैं जिनकी उम्र 25 वर्ष से लेकर 60 वर्ष के बीच है। इस आयु वर्ग से कम (25 से छोटी) या अधिक (60 से बड़ी) उम्र की महिलाएं इस योजना के लिए आवेदन करने के योग्य नहीं मानी जाएंगी।
- जो महिलाएं किसी भी केंद्र या राज्य सरकार के विभाग में स्थायी या अस्थायी नौकरी कर रही हैं, वे इसके दायरे से बाहर रहेंगी। इसके अतिरिक्त अगर कोई महिला पहले से ही किसी भी प्रकार की सरकारी सामाजिक सुरक्षा पेंशन (जैसे वृद्धावस्था, विधवा या विकलांगता पेंशन) प्राप्त कर रही है तो उन्हें भी इस योजना के लिए अपात्र माना जाएगा।
- आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों की महिलाओं को इस योजना से दूर रखने के लिए यह नियम बनाया गया है कि जो महिलाएं या जिनके परिवार आयकर यानी इनकम टैक्स भरते हैं, वे भी इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगी।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
अन्नपूर्णा योजना के तहत आवेदन करने के लिए सरकार ने महिलाओं को काफी समय दिया है।1 जून 2026 से शुरू हुई यह आवेदन प्रक्रिया अगले 90 दिनों तक चालू रहेगी। इस समयावधि के भीतर इच्छुक महिलाएं कभी भी अपना फॉर्म सबमिट कर सकती हैं। साथ ही जो महिलाएं खुद से आवेदन नहीं कर सकती, वे सरकार द्वारा चिन्हित किए गए ऑफलाइन केंद्रों, नागरिक सुविधा केंद्रों या पंचायत/नगरपालिका कार्यालयों में जाकर भी अपना फॉर्म जमा कर सकती हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज या डॉक्युमेंट्स
ऑनलाइन पोर्टल पर फॉर्म भरने या ऑफलाइन जमा करने के लिए आवेदकों को निम्नलिखित दस्तावेजों की फोटोकॉपी की जरूरत होगी-
- आवेदक महिला का वैध पहचान पत्र।
- परिवार की आर्थिक स्थिति के सत्यापन के लिए राशन कार्ड की फोटोकॉपी।
- पश्चिम बंगाल का स्थायी निवासी होने का प्रमाण।
- आय प्रमाण पत्र।
- बैंक पासबुक की प्रति (खाता सक्रिय और आधार से लिंक होना चाहिए)।
- एक्टिव मोबाइल नंबर जिस पर ओटीपी (OTP) और स्टेटस अलर्ट आ सकें।
- पासपोर्ट साइज फोटो।
आवेदन करते समय यह अवश्य सुनिश्चित कर लें कि आपके सभी दस्तावेजों में नाम, उपनाम और जन्मतिथि पूरी तरह समान हो, ताकि वेरिफिकेशन (सत्यापन) के समय आपका फॉर्म रिजेक्ट न हो।
स्टेप-बाय-स्टेप रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
- सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के इंटरनेट ब्राउज़र में अन्नपूर्णा योजना की आधिकारिक वेबसाइट खोलें।
- होमपेज पर आपको ‘Apply Online’ (ऑनलाइन आवेदन करें) या ‘New Registration’ (नया पंजीकरण) का एक विकल्प दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें।
- इसके बाद अपना चालू मोबाइल नंबर दर्ज करें। आपके नंबर पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) आएगा, उसे स्क्रीन पर डालकर वेरिफाई करें।
-लॉगिन होने के बाद मुख्य आवेदन फॉर्म खुल जाएगा। इस फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां जैसे नाम, पता, आयु और बैंक अकाउंट नंबर आदि सही-सही भरें। - फॉर्म भरने के बाद अपने पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र और अन्य मांगे गए जरूरी दस्तावेजों को साफ तरीके से स्कैन करें और पोर्टल पर अपलोड कर दें। साथ ही अपनी पासपोर्ट साइज फोटो भी अपलोड करें।
- एक बार पूरे फॉर्म और अपलोड किए गए दस्तावेजों को दोबारा री-चेक कर लें। सब कुछ सही होने पर ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें। सबमिट होते ही आपको एक एप्लीकेशन रसीद या संदर्भ संख्या (Application Reference Number) मिल जाएगी, जिसे भविष्य के लिए संभालकर रखें।
इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद सरकारी अधिकारियों की एक टीम आपके आवेदन की जांच करेगी और पात्रता सही पाए जाने पर अगले महीने से आपके खाते में 3000 रुपये की राशि आनी शुरू हो जाएगी












