मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 18 वर्षीय एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह उसका शव वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार, युवती बैरागढ़ क्षेत्र की रहने वाली थी। शुक्रवार सुबह वह अपने दो दोस्तों के साथ स्कूटी से वीआईपी रोड घूमने गई थी। तीनों ने राजाभोज प्रतिमा के पास स्कूटी खड़ी की। इसके बाद उसके दोस्त आसपास टहलने लगे, जबकि युवती किसी को बार-बार फोन कर रही थी। बताया जा रहा है कि दूसरी ओर से कॉल रिसीव नहीं की जा रही थी। कुछ समय बाद युवती के तालाब में गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने उसका शव बाहर निकाला। घटनास्थल के पास उसका मोबाइल फोन भी मिला है। इसी वजह से परिवार ने घटना को संदिग्ध बताया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती जिस व्यक्ति को फोन कर रही थी, उसका नाम अर्सलान बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इस बारे में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा, दोस्तों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवती ने अप्रैल 2025 में भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में कुछ लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, मतांतरण के लिए दबाव और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने उस मामले में आरोपितों को गिरफ्तार भी किया था। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है। परिवार और उनके वकील का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद से युवती पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि उसे फोन पर धमकियां दी जाती थीं और अदालत में गवाही नहीं देने के लिए डराया जाता था। परिजनों का दावा है कि युवती ने इसकी शिकायत भी की थी।

















