वियतनाम के दा नांग शहर में आयोजित अंडर-23 (U23) एशियन कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पहलवानों ने इतिहास रच दिया है। भारतीय पुरुष और महिला फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम ने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस चैंपियनशिप में भारत ने फ्रीस्टाइल रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि कुश्ती में भारत को कड़ी टक्कर देने वाले देश किर्गिस्तान दूसरे और कजाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहे।
भारत ने इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 27 पदक अपने नाम किए हैं। इस ऐतिहासिक पदक तालिका में 11 स्वर्ण (गोल्ड), 7 रजत (सिल्वर) और 9 कांस्य (ब्रोंज) पदक शामिल हैं। इन्हें भारतीय टीम ने फ्रीस्टाइल, महिला कुश्ती और ग्रीको-रोमन श्रेणियों में जीत है।
पुरुष फ्रीस्टाइल टीम का दबदबा
चैंपियनशिप जीतने वाली भारत की पुरुष फ्रीस्टाइल टीम ने अकेले ही 9 पदक अपने नाम किए। इनमें 4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। अक्षय टी धीरे (57 किग्रा) और विक्की (97 किग्रा) ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। इस लय को आगे बढ़ाते हुए कुमार मोहित (65 किग्रा) और चंद्रमोहन (79 किग्रा) ने भी अपने-अपने भार वर्ग में विरोधियों को चित कर पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया।
इसके अलावा दीपक राठी (61 किग्रा), पुनीत कुमार (92 किग्रा) और लकी (125 किग्रा) ने देश के लिए रजत पदक जीते और भारत को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही दीपक बेरवाल (74 किग्रा) और मोर सचिन (82 किग्रा) ने कांस्य पदक जीतकर फ्रीस्टाइल टीम के शानदार अभियान का समापन किया।
महिला पहलवानों का अद्भुत प्रदर्शन
पुरुषों की तरह ही भारत की महिला पहलवानों ने भी पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और कुल 10 पदक हासिल किए। महिला टीम ने देश के लिए कुल 6 स्वर्ण पदक जीते। मुस्कान (53 किग्रा), तपस्या (57 किग्रा), भाग्यश्री (62 किग्रा), पुलकित (67 किग्रा), मानसी (68 किग्रा) और काजल (76 किग्रा) ने अपने फाइनल मुकाबलों में तकनीकी श्रेष्ठता दिखाते हुए देश का तिरंगा लहराया।
इसके अलावा नेहा (59 किग्रा) और स्वीटी (50 किग्रा) ने फाइनल में कड़ा संघर्ष कर रजत पदक हासिल किया जबकि अमृता (72 किग्रा) और अहिल्या (55 किग्रा) ने कांस्य पदक जीतकर भारतीय महिला टीम का दबदबा कायम रखा।
ग्रीको-रोमन टीम का ऐतिहासिक योगदान
टूर्नामेंट में भारत की ग्रीको-रोमन कुश्ती टीम ने शुरुआत में ही देश की सफलता की मजबूत नींव रखी थी। इस श्रेणी में भारतीय पहलवानों ने कुल 8 पदक हासिल किए जो इस वर्ग में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
सुमित ने 63 किग्रा वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं सूरज (60 किग्रा) और सागर सिंह (67 किग्रा) ने रजत पदक पर कब्जा किया। टीम के अन्य सदस्यों नीरज पटेल (55 किग्रा), सचिन (77 किग्रा), रोहित बूरा (87 किग्रा), रोहित (97 किग्रा) और हरदीप (130 किग्रा) ने देश के लिए कांस्य पदक जीते।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर भारतीय पहलवानों की पीठ थपथपाई
भारतीय पहलवानों की इस ऐतिहासिक जीत पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बधाई देते हुए लिखा, ‘हमारे पहलवानों का एक शानदार प्रदर्शन! हमारी पुरुष फ्रीस्टाइल और महिला कुश्ती टीमों ने वियतनाम के दा नांग में आयोजित 2026 अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में टीम खिताब जीते हैं। पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम ने 4 स्वर्ण सहित 9 पदक पक्के किए जिससे अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप के इतिहास में भारत ने अब तक का सबसे अधिक पदक हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया है। महिला कुश्ती टीम ने 6 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते।’
An outstanding performance by our wrestlers!
Our Men’s Freestyle and Women’s Wrestling teams won the Team Titles at the 2026 U23 Asian Championships in Da Nang, Vietnam.
The Men’s Freestyle Wrestling team secured 9 medals, including 4 Golds, thus registering India’s… pic.twitter.com/41PruCuk1U
— Narendra Modi (@narendramodi) May 28, 2026
उन्होंने आगे लिखा, ‘ग्रीको-रोमन टीम ने भी 8 पदकों के साथ अब तक का अपना सबसे बड़ा पदक रिकॉर्ड दर्ज किया है। हमारे सभी पहलवानों को बहुत-बहुत बधाई। भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी ढेरों शुभकामनाएं।’
WFI के अध्यक्ष ने बताया ऐतिहासिक पल
इस अभूतपूर्व जीत पर खुशी जाहिर करते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, ‘अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी उठाना भारतीय कुश्ती के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है और यह पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘तीनों शैलियों (फ्रीस्टाइल, वीमेन और ग्रीको-रोमन) में हमारे एथलीटों ने साबित कर दिया है कि भारतीय कुश्ती का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। मैं इस ऐतिहासिक जीत को संभव बनाने के लिए अपने सभी पदक विजेताओं, कोचों और सहयोगी स्टाफ को हार्दिक बधाई देता हूं।’
अब अंडर-17 चैंपियनशिप पर रहेंगी सबकी नजरें
अंडर-23 वर्ग में मिली इस शानदार और रिकॉर्ड तोड़ सफलता के बाद अब भारतीय खेल प्रेमियों की नजरें अंडर-17 टीम पर हैं। वियतनाम के इसी दा नांग शहर में अंडर-17 (U17) एशियन कुश्ती चैंपियनशिप की शुरुआत होने जा रही है, जहां भारतीय जूनियर पहलवान अपनी चुनौती पेश करेंगे।

















