अमेरिका में भारतीयों के साथ नस्लीय भेदभाव का एक और मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है। वीडियो में एक अमेरिकी व्यक्ति सड़क पर जा रहे भारतीय कपल के साथ बदसलूकी करता दिखाई दे रहा है। वह भारतीयों के खिलाफ अपमानजनक और नस्लभेदी बातें करता नजर आता है। हालांकि, इस पूरी घटना के दौरान भारतीय कपल ने शांति और समझदारी से काम लिया, जिसकी लोग सोशल मीडिया पर खूब तारीफ कर रहे हैं।
अमेरिका में भारतीय कपल के साथ बदसलूकी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति अपनी कार में बैठा हुआ है। वह सड़क पर जा रहे भारतीय कपल को रोककर उनसे बात करना शुरू करता है। सबसे पहले वह पूछता है कि क्या वे भारत से हैं। जब कपल हां में जवाब देता है, तो वह उनसे पूछता है कि क्या भारत अमेरिका से बेहतर है। इस सवाल का जवाब भारतीय युवक बहुत ही शांत तरीके से देता है। वह कहता है कि दोनों देशों की अपनी-अपनी खूबियां हैं और उसका परिवार भारत में रहता है। भारतीय युवक का जवाब सुनते ही अमेरिकी व्यक्ति गुस्से में आ जाता है। वह चिल्लाते हुए कहता है, “हमें तुम लोग यहां नहीं चाहिए। अपने देश वापस जाओ।” इसके बावजूद भारतीय कपल ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने न तो बहस की और न ही गलत भाषा का इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर लोग इस बात की सराहना कर रहे हैं कि अपमानजनक बातें सुनने के बाद भी कपल ने अपना संयम नहीं खोया। फिलहाल यह घटना अमेरिका के किस शहर की है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है।
I encountered some incredible H-1B indians, and I had to let them know something! pic.twitter.com/Qi8FyfcjzF
— Tone (@AyTone_) May 20, 2026
जानकारी के मुताबिक, इस वीडियो को ‘AyTone4th’ नाम के एक यूजर ने शेयर किया है। वीडियो पोस्ट करते हुए उसने लिखा कि उसका सामना कुछ H-1B भारतीयों से हुआ। बताया जा रहा है कि यह अकाउंट वेरिफाइड है और वह व्यक्ति एक म्यूजिक प्रोड्यूसर है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया है कि वह पहले भी भारतीयों का मजाक उड़ाने वाले वीडियो पोस्ट कर चुका है। इस घटना के बाद इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा देखने को मिला। हजारों यूजर्स ने इस व्यवहार को शर्मनाक बताया और कार्रवाई की मांग की। अमेरिका में भारतीय समुदाय का बड़ा योगदान है। खासकर आईटी, मेडिकल और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारतीय पेशेवर अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल दुख पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में नफरत को भी बढ़ावा देती हैं।

















