नई दिल्ली। देशभर में बढ़ती गर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। पीएम मोदी ने लोगों को खुद को हाइड्रेटेड रखने, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी ले जाने और जरूरतमंदों को पानी पिलाने की अपील की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से यह अपील की है।
PM मोदी बोले- कृपया खुद को हाइड्रेटेड रखें
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट X के जरिए कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। जिससे मौसम की इन चरम स्थितियों के कारण रोजमर्रा की जिंदगी में मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मैं अपने सभी साथी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे जितना हो सके, उतनी सावधानियां बरतें।
PM मोदी की अपील- प्यासे व्यक्ति को पानी जरूर पिलाएं
उन्होंने आगे लिखा, ‘कृपया खुद को हाइड्रेटेड रखें और घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी जरूर रखें। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बनती है। यदि संभव हो तो किसी भी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं उन लोगों की भी सराहना करता हूं जो अपने घरों और दुकानों के बाहर घड़ों में पानी रखते हैं, ताकि कोई भी उससे पानी पी सके। गौरतलब है कि देशभर में भीषण गर्मी हो रही है। कई राज्यों के लिए मौसम विभाग ने हीटवेब का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है और दिन प्रतिदिन तापमान बढ़ रहा है।











