मथुरा में जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीबद्ध एवं मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है। मथुरा में प्रमुख मंदिरों की गणना का कार्य भी शुरू हो गया है। यह गणना ब्लॉक के आधार पर की जा रही है। हर ब्लॉक में प्रमुख मंदिर को 001 नंबर दिया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीबांकेबिहारी मंदिर को 001 नंबर दिया गया है।
गणना का कार्य गत 22 मई से शुरू हो गया है। आगामी 20 जून तक मकान सूचीबद्ध करने का कार्य किया जायेगा। प्रगणक प्रत्येक घर जाकर भवन को नम्बर, भवन की स्थिति और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विवरण एकत्र कर रहे हैं। 394 ब्लॉक में आने वाले श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर की गणना का कार्य प्रगणक कुसुमलता (आंगनबाड़ी), सुपरवाइजर संतोष भारद्वाज (अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी) व चार्ज अधिकारी सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी ने किया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, पंकज कुमार वर्मा के अनुसार, 98 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं नौ जोनल मजिस्ट्रेट के निर्देशन में जिले में 4773 ब्लॉक बनाए हैं। इनमें 4600 प्रगणक एवं 770 पर्यवेक्षक गणना को कार्य सौंपा गया है। ब्लॉकों में स्थित प्रमुख मंदिरों को 001 नंबर दिया गया है, इसमें ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर व अन्य प्रमुख मंदिर शामिल हैं। एक ही ब्लॉक में अधिक मंदिर होने पर प्रमुख मंदिर को पहला नंबर व उसके बाद प्राथमिकता के आधार पर अगले नंबर दिए जा रहे हैं।
















