उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बाखरपुर गढ़ी गांव का रहने वाला नाबालिग युवक विशाल इन दिनों चर्चा में है। परिवार का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले वसीम ने उसे नौकरी और शादी का लालच देकर कश्मीर ले जाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। धर्म परिवर्तन के बाद विशाल का नाम बदलकर हमजा रख दिया गया। जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब परिवार और गांव के लोग हैरान रह गए।
परिजनों के अनुसार विशाल कुछ समय पहले काम की तलाश में कश्मीर गया था। वहां वह एक सैलून में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान वसीम और उसके परिवार से हुई। परिवार का कहना है कि विशाल और वसीम की बेटी के बीच प्रेम संबंध थे। आरोप है कि इसी रिश्ते का फायदा उठाकर विशाल पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। परिवार ने यह भी कहा कि उसे शादी का भरोसा देकर और डराकर इस्लाम मत अपनाने के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस जांच के बाद हुई घर वापसी
कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें विशाल खुद को हमजा बताते हुए दिखाई दिया। वीडियो देखने के बाद परिवार घबरा गया और तुरंत पुलिस से मदद मांगी। मामले की शिकायत बिजनौर पुलिस से की गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई। कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भी इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। वहां की पुलिस ने विशाल को अपनी कस्टडी में लिया और बाद में उसे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवक को सुरक्षित उसके परिवार के पास लेकर आई। घर लौटने के बाद गांव के शिव मंदिर में विशाल का शुद्धिकरण कार्यक्रम कराया गया। धार्मिक रीति-रिवाजों और पूजा-पाठ के साथ उसकी हिंदू धर्म में वापसी कराई गई। इस दौरान गांव के कई लोग मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के बीच पूरे कार्यक्रम को संपन्न किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

















