संघ लोक सेवा आयोग यानी Union Public Service Commission (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब पहली बार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के तुरंत बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी। यह फैसला लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि छात्र लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को होगी और इसके कुछ समय बाद आयोग अस्थायी उत्तर-कुंजी जारी करेगा। इससे उम्मीदवार अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे और किसी सवाल या उत्तर में गलती होने पर आपत्ति भी दर्ज करा पाएंगे।
पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम
अब तक यूपीएससी अंतिम परिणाम आने के बाद ही फाइनल आंसर-की जारी करता था। ऐसे में छात्रों को यह पता नहीं चल पाता था कि उनके कितने सवाल सही हुए और कितने गलत। कई बार अभ्यर्थियों को लगता था कि किसी प्रश्न का उत्तर गलत दिया गया है, लेकिन उसे चुनौती देने का मौका नहीं मिलता था। हर साल करीब पांच लाख से ज्यादा उम्मीदवार प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन केवल 12 से 15 हजार उम्मीदवार ही मुख्य परीक्षा तक पहुंच पाते हैं। ऐसे में यह नया बदलाव छात्रों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। यूपीएससी के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए उठाया गया है। आयोग चाहता है कि अभ्यर्थियों का भरोसा और मजबूत हो तथा परीक्षा प्रणाली पहले से अधिक निष्पक्ष बने।
नई व्यवस्था के तहत उम्मीदवार 31 मई 2026 शाम 6 बजे तक अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए आयोग ने ‘ऑनलाइन क्वेश्चन पेपर रिप्रेजेंटेशन पोर्टल’ शुरू किया है। उम्मीदवारों को अपनी आपत्ति के साथ सही उत्तर और उससे जुड़े प्रमाण भी देने होंगे। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम सभी आपत्तियों की जांच करेगी और फिर अंतिम उत्तर-कुंजी जारी की जाएगी। यूपीएससी ने इस साल कुछ और अहम बदलाव भी किए हैं। अब सभी भर्ती परीक्षाओं में एआई आधारित फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा, जिससे फर्जी उम्मीदवारों और जालसाजी पर रोक लगेगी। इसके अलावा दिव्यांग उम्मीदवारों को उनकी पसंद का परीक्षा केंद्र दिया जाएगा। आयोग ने परीक्षा से जुड़ी जरूरी गाइडलाइंस भी जारी की हैं। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। केवल काले बॉल प्वाइंट पेन का इस्तेमाल मान्य होगा। साथ ही एडमिट कार्ड और फोटो आईडी लाना जरूरी होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

















