पंजाब । काउंटर इंटेलीजेंस अमृतसर पुलिस ने बब्बर खालसा से जुड़े दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान अजनाला के बाजीगर मोहल्ला निवासी अजय नामक युवक को उसके एक साथी सहित हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी विदेशी नेटवर्क के संपर्क में थे और पंजाब में अशांति फैलाने की साजिश रच रहे थे।
दो हैंड ग्रेनेड बरामद
जांच के दौरान दोनों आरोपियों से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच व पूछताछ में सामने आया है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल सरकारी संस्थानों और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने के लिए किया जाना था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया।
आरोपियों से पूछताछ जारी
इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में भारतीय दंड संहिता की 61(2) तथा एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की धाराओं 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना है।

















