पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने एक आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा हुआ था और विदेश में बैठे ऑपरेटर्स के जरिए संचालित किया जा रहा था। दूसरी और मानसा के ताप घर के ऊपर बीती रात संदिग्ध ड्रोन उड़ते दिखे जिससे ताप घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सेना को सूचित किया गया है।
पाकिस्तानी लिंक का खुलासा
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड और एक विदेशी निर्मित ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई है। बरामद ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की मार्किंग पाई गई है, जिससे इसके सीमा पार कनेक्शन की पुष्टि होती है।
गुजरात ए टी एस के सहयोग से हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से एटीएस के सहयोग से पकड़ा गया। जांच में यह भी सामने आया है कि यह मॉड्यूल विभिन्न राज्यों में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश में शामिल था, जिसे समय रहते रोक लिया गया।
अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज
इस संबंध में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। डीजीपी ने बताया कि आरोपियों के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी करने के लिए रेड की जा रही है।
थर्मल प्लांट पर उड़ता दिखा ड्रोन
उत्तर भारत के सबसे बड़े तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (टीएसपीएल) के ऊपर तीन से चार शक्की ड्रोन की गतिविधि देखने के बाद पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए गए हैं, इन ड्रोन की सूचना पुलिस ने भारतीय फौज को देने के बाद बठिंडा स्थित अधिकारियों की ओर से थर्मल प्लांट का निरीक्षण किया गया। बताया जा रहा है कि तीन से चार थर्मल प्लांट की चारद्वारी नंबर 194 के नजदीक इन ड्रोन को काफी समय थर्मल के ऊपर उड़ते देखा गया इस दौरान यूनिट का सर्वेक्षण करने के बाद गेट नंबर 2 के द्वारा प्लांट से बाहर चले गए।
मामले की गंभीरता को देखते प्लांट प्रबंधन के सुरक्षा प्रबंधन की ओर से इस मामले की जानकारी पुलिस चौकी बहनीवाल इंचार्ज को दी गई, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते इसकी जांच शुरू कर दी गई है, उन्होंने बताया कि थर्मल की ओर से रात के समय कुछ ड्रोन उड़ने की सूचना दी गई है जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

















