बांदा से गैंगस्टर एक्ट के अभियोग में वांछित 50 हजार के इनामी शीबू अन्सारी को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ को विगत काफी दिनों से पुरस्कार घोषित अभियुक्तों के सम्बन्ध में सूचनाएँ प्राप्त हो रही थीं। इस सम्बन्ध में एसटीएफ की विभिन्न टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देश के क्रम में शैलेश प्रताप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज के पर्यवेक्षण एवं निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम द्वारा अभिसूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी।
एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षीगण प्रभन्जन पाण्डेय, अजय सिंह यादव, अनूप राय व आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय की टीम जनपद बांदा में आपराधिक अभिसूचना संकलन की कार्यवाही में भ्रमणशील थी। इसी दौरान रूपये 50,000/- के ईनामी अभियुक्त शीबू अन्सारी के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। उक्त सूचना पर एसटीएफ टीम द्वारा उपरोक्त स्थान से अभियुक्त शीबू अन्सारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बांदा का रहने वाला है अंसारी
पूछताछ पर शीबू अन्सारी ने बताया कि वह बांदा रोड कस्बा नरैनी जनपद बांदा का रहने वाला है। वर्ष 2025 में वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था जिसके सम्बन्ध में जनपद बांदा के अलग-अलग थानों में अभियोग पंजीकृत है और जेल भी जा चुका है। वर्ष 2026 में थाना नरैनी जनपद बांदा में उसके व उसके साथियों के विरूद्ध गैंगेस्टर एक्ट का अभियोग पंजीकृत हुआ था, जिसमें वह वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु 50 हजार रूपये का पुरस्कार भी घोषित हुआ था।
गिरफ्तार अभियुक्त शीबू अन्सारी यूपी गिरोहबन्द समाज विरोधी क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम में थाना नरैनी जनपद बांदा में दाखिल किया गया। अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

















