सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर ईरान के बंदर अब्बास शहर में स्थित 134 वर्ष पुराने ऐतिहासिक विष्णु मंदिर का दिलचस्प वीडियो शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के जरिये भारत और ईरान के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की झलक व उसकी अहमियत दिखाने की कोशिश की है। वीडियो की सबसे खास बात इसकी पृष्ठभूमि में बज रहा एक खूबसूरत फारसी भक्ति गीत है। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हिंदू विष्णु मंदिर 1892 में बना था
बॉलीवुड अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रविवार (17 मई) को प्राचीन हिंदू मंदिर का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “यह विष्णु मंदिर ईरान के बंदर अब्बास शहर में स्थित है। इसका निर्माण वर्ष 1892 में काजार युग के दौरान कराया गया था। यह मंदिर उन भारतीय हिंदू व्यापारियों के लिए बनाया गया था, जो उस समय बंदर अब्बास में काम करते थे।” वीडियो में भगवान शिव, विष्णु, माता लक्ष्मी, सदियों पुरानी मूर्ति, मंदिर की पुरानी नक्काशी और शांत माहौल नजर आ रहा है। इसमें एक बोर्ड भी दिखाई दे रहा है, जिस पर लिखा है,-‘नेशनल प्रोटेक्टेड कृष्णा मंदिर।’ इसके साथ एक फारसी गीत भी सुनाई दे रहा है, जिसमें भगवान राम, कृष्ण और विष्णु का जिक्र किया गया है। गीत के जरिए ईरान की संस्कृति की झलक भी दिखाई गई है। दरअसल, भारत और ईरान के संबंध हजारों साल पुराने हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति, भाषा और धर्म के जरिए लंबे समय से जुड़ाव रहा है।

यूजर्स ने वीडियो शेयर करने पर अमिताभ की तारीफ की
अमिताभ बच्चन का यह पोस्ट यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। एक यूजर ने लिखा, “आपका बहुत-बहुत धन्यवाद महोदय। यह देखकर बहुत अच्छा लगा। अच्छी जानकारी साझा करने के लिए आपका धन्यवाद।” आयुष लिखते हैं, “ईरानी गायिका ने यह भजन फारसी में बहुत ही खूबसूरती से गाया है। क्या कोई इनका नाम बता सकता है। मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “ईरानी लोगों को मेरा प्यार, जिन्होंने एक प्राचीन हिंदू मंदिर को राष्ट्रीय संरक्षित मंदिर के रूप में सुरक्षित रखा।” कई और यूजर्स ने यह वीडियो शेयर करने को लेकर अमिताभ बच्चन को धन्यवाद दिया।
बता दें कि अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह हमेशा जानकारी देने वाले पोस्ट शेयर करते रहते हैं। वह जल्द की ‘कल्कि 2898 एडी’ फिल्म के सीक्वल में नजर आएंगे। इसके अलावा उनके नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में जटायू के किरदार में नजर आने की चर्चा भी है।

















