राजस्थान के पाली से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है, जहां एक 11 साल के बच्चे की नरबलि मौलवी ने दिलवा दी। घटना सोजत इलाके के अंतर्गत आने वाले एक गांव की है, जहां अप्सरा जैसी हूर और पत्नी की चाहत में शेरू खान नाम के मुस्लिम ने इस बर्बरता को अंजाम दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये वारदात 14 मई की रात की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शेरू खान मोयला को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने मौलवियों के कहने पर यह काम किया है। शुरुआत में तो वो पुलिस को गुमराह करने की नीयत से अपना बयान बार-बार बदलता रहा, लेकिन लंबी पूछताछ के बाद उसने सारी बातें बताईं। शेरू खान ने पुलिस को बताया कि उसे एक अप्सरा जैसी सुंदर पत्नी चाहिए थी और जन्नत में हूरें हासिल करने की इच्छा थी। इसी लालच में वह मौलवियों के संपर्क में आया। उन्होंने उसे पहले पशु बलि देने को कहा, फिर नरबलि की सलाह दी।
पहले भी कोशिश की थी
वारदात से तीन दिन पहले आरोपी ने दूसरे बच्चे को अगवा करने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चा भाग निकला। उसके बाद उसने गांव के कई बच्चों पर नजर रखी और मौका ढूंढता रहा।
तैयारी पहले से की थी
घटना वाले दिन शाम को आरोपी ने तालाब की पाल पर बलि देने की पूरी तैयारी कर रखी थी। वहां लकड़ी, मटका, लाल कपड़ा, अगरबत्ती और मौली जैसी चीजें पहले से रखी हुई थीं। शाम को गांव लौटकर आरोपी ने घर जा रहे 11 साल के बच्चे को बहला-फुसलाकर साथ ले गया। उसे सुनसान जगह पर ले जाकर कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। पोस्टमॉर्टम में बच्चे की गर्दन पर करीब पांच इंच लंबा और तीन इंच गहरा घाव पाया गया, जो हत्या की क्रूरता को दिखाता है।
इसे भी पढ़ें: ‘भारत अब अवसरों का देश है’: नीदरलैंड में PM मोदी ने भारतीयों से की खास अपील
परिजनों को गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के परिवार वालों को गलत जानकारी दी। उसने कहा कि दो अज्ञात लोगों ने तलवार से बच्चे को मार दिया। लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ।
पुलिस ने कैसे पकड़ा
जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह कपड़े बदलकर भागने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे उसी समय पकड़ लिया। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी की पत्नी डेढ़ साल पहले ही उसे छोड़ चुकी थी। उस समय आरोपी ने एक भैंस के बछड़े की गर्दन काट दी थी, जिसके बाद पत्नी ने तलाक ले लिया।
आरोपी का है आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी का पहले भी चोरी जैसे मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड है। सोजत सीओ रतन देवासी ने बताया कि आरोपी अभी भी बयान बदल-बदलकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जांच में साफ है कि तांत्रिकों के प्रभाव में आकर उसने यह अपराध किया। पुलिस अब उन तांत्रिकों और मौलवियों की तलाश कर रही है जिनके कहने पर यह सब हुआ।

















