राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में एक इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्रता और अश्लील टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजस्थान पुलिस ने मंगलवार (29 सितंबर) को वायरल वीडियो साझा किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि अजमेर के किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में एक इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्र भाषा और अश्लील टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया। राजस्थान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में आपात स्थिति या पर्यटकों की सहायता के लिए क्या करना है इसके बारे में भी लोगों को बताया। राजस्थान पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश में पर्यटकों की सुरक्षा और गरिमा सर्वोपरि है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। ऐसी किसी भी आपात स्थिति या पर्यटक की सहायता के लिए तुरंत 112 या महिला हेल्पलाइन 1090 डायल करें।
चार साल पहले की घटना
पुलिस के अनुसार यह घटना करीब चार साल पहले (9 अक्टूबर 2022) अजमेर जिले के किशनगढ़ में हुई थी। इजरायली महिला पर्यटक जब किशनगढ़ के डंपिंग यार्ड में वीडियो बना रही थी, तब कुछ युवकों ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अश्लील टिप्पणियां कीं। उस समय बनाया गया यह वीडियो अब चार साल बाद वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के संबंध में अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि चारों युवकों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद फुरखान (25), मोहम्मद अनीस (21), फरहान (24) और अख्तर अली (22) के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि ये सभी किशनगढ़ के रहने वाले हैं। इन चारों को गिरफ्तार कर घटना के बारे में उनसे पूछताछ की जा रही है।















