उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रोटी पर थूककर तंदूर में लगाने का एक वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सहारनपुर जनपद के चिलकाना कस्बे के बस स्टैंड स्थित एक होटल का यह वीडियो बताया जा रहा है। होटल में रोटी बनाने वाला युवक रोटी पर थूक करके रोटी को तंदूर में लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर की है और युवक को हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के अभियुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने इस मामले में होटल के एक युवक को हिरासत में लिया है।
गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद एक्शन
घटना की जानकारी मिलने पर गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंच कर आक्रोश व्यक्त किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर चिलकाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और होटल में काम कर रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। युवक से वीडियो के संबंध में पूछताछ की जा रही है और सच जानने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रही घटना को गंभीरता से लिया गया है। तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














