प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने वाले समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र लोधी की मुश्किलें बढ़ गई है। उनके खिलाफ महोबा में एफआईआर दर्ज हो गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सपा सांसद की मानसिक विक्षिप्तता की निंदा की है।
भाजपा ने की थी शिकायत
इस मामले में भाजपा के महोबा जिला मीडिया प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद का पुतला भी फूंका और कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सांसद के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सांसद का यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है।
उन्होंने सपा सांसद की इस टिप्पणी को 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान बताया। सीएम योगी ने कहा कि देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी।
















