पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच तेज कर दी गई है। इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। शुरुआती जांच के बाद जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि इस हत्या को पेशेवर हत्यारों ने अंजाम दिया था। चंद्रनाथ 41 वर्ष के थे।
घटना कहाँ और कैसे हुई
रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्यमग्राम के जेस्सोर रोड स्थित दोहड़िया इलाके में चंद्रनाथ अपनी सफेद स्कॉर्पियो SUV में सवार होकर जा रहे थे। उनके साथ ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी थे। हमलावरों ने एक कार से उनकी गाड़ी को रोका। इसके बाद मोटरसाइकिल पर सवार दो या ज्यादा लोगों ने पास से फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने Glock 47X जैसी पिस्तौलों का इस्तेमाल किया। चंद्रनाथ को सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं। ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को भी गोलियां लगीं, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फायरिंग के बाद हमलावर तुरंत मोटरसाइकिलों पर भाग निकले।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने उस कार को जब्त कर लिया है। घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। फिलहाल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि चंद्रनाथ को तीन गोलियां लगी थीं। ज्यादा खून बहने और अहम अंगों के काम करना बंद करने से उनकी मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।
SIT का खुलासा
जांच एजेंसियों का कहना है कि हत्यारों ने हत्या करने से पहले घटनास्थल की 3-4 दिन पहले से रेकी की थी। SIT इस मामले की जांच कर रही है। IG लेवल के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ समेत 10 साल में उनके 4 करीबी सहयोगियों की हत्या
सुवेंदु अधिकारी का बयान
सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को ठंडे दिमाग से की गई और पहले से प्लान की हुई बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण थे। नंदीग्राम और हाल के भवानीपुर चुनाव में उन्होंने अच्छा काम किया था, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि हत्यारों ने पहले रेकी की थी और पीड़ित का पीछा करके पास से गोली मारी। सुवेंदु ने पुलिस से कहा कि वे सही दिशा में काम कर रही हैं। पुलिस अभी हत्या का मकसद साफ नहीं कर पाई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच चल रही है।
तृणमूल का भड़काऊ भाषण घटना के लिए है जिम्मेदार
जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ मूल रूप से मेदिनीपुर से आते थे। वह मध्यग्राम के दोहरिया में रहते थे। अपने बेटे की हत्या पर चंद्रनाथ की मां हासिरानी रथ ने कहा कि उनका बेटा भाजपा से जुड़ा हुआ था इसलिए उसे निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के भड़काऊ भाषण के कारण ये हुआ। उन्होंने प्रशासन से अपने बेटे के हत्यारों को फांसी की जगह उम्रकैद की सजा देने की मांग की है।

















