केदारनाथ: धाम नगरी में एक टैंट में रहने वाले यात्री से दो एयरगन और अन्य धारदार हथियार बरामद हुए हैं पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है कि आखिर इन हथियारों को यहां लाने का मकसद क्या था? आरोपी के परिजन उसे विक्षिप्त बता रहे हैं, जबकि उसका राय बरेली से केदारनाथ पहुंचना वो भी एक नहीं दो दो एयर गन और चापड़ जैसे हथियार के साथ मामले में संदेह पैदा कर रहा है।
सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दिनांक 6 मई 2026 को सायंकाल संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने टेंटों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो धारदार हथियार, दो खिलौना बंदूकें (एयरगन) बरामद हुई। प्रारम्भिक जांच में यह सामने आया है कि पकड़ा गया व्यक्ति का नाम प्रदीप बताया गया है जोकि रायबरेली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।
पुलिस द्वारा उसके परिजनों से सम्पर्क करने पर ज्ञात हुआ कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस द्वारा मामले में पूछताछ जारी है और उचित वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। सीओ केदारनाथ ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस टेंट स्वामी ने उक्त व्यक्ति को बिना किसी वैध पहचान पत्र (ID) के अपने यहां स्थान दिया था। उसके विरुद्ध भी नियमों के उल्लंघन के लिए चालानी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। रुद्रप्रयाग पुलिस आम जनमानस से अपील की है सुरक्षा की दृष्टि से यदि कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
उल्लेखनीय है कि केदारनाथ में अगले कुछ दिनों में वीआईपी मूवमेंट है जिसे लेकर पुलिस ने सुरक्षा कड़ी की हुई है।
















