जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम को तेज आंधी-तूफान के चलते पर्यटकों से भरा पर्यटन विभाग का क्रूज डूबने की घटना में शुक्रवार सुबह तक नौ शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक नौ से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
बरगी डैम में हादसे के वक्त क्रूज में 40 -45 पर्यटक सवार थे। हादसा किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि शुरुआती खोज और बचाव अभियान (रेस्क्यू) में एसडीआरएफ ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम से राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ अब राष्ट्रीय स्तर की टीमें भी तैनात की गई हैं। भारतीय सेना भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। हैदराबाद से एक स्पेशल टीम और हेलिकॉप्टर पहुंचने वाला है। कोलकाता से पैरामिलिट्री की एक विशेष टीम जबलपुर पहुंच चुकी है। हाइड्रॉलिक मशीनों और पोकलेन की मदद से 20 फीट गहरे पानी में फंसे क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा
गर्मी के मौसम में शाम को लोग बरगी डैम घूमने जाते हैं। गुरुवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास संतुलन बिगड़ने से डूब गया। क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि ‘सुरक्षा के इंतजाम तो थे, लेकिन अचानक आए तेज तूफान के चलते क्रूज अनियंत्रित हो गया। किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। महेश को 10 साल का अनुभव है।
मृतकों की पहचान
नीतू सोनी (43), निवासी कोतवाली, जबलपुर, सौभाग्यम अलागन (42), निवासी अन्नानगर, वेस्ट तारापुरम, तमिलनाडु, मधुर मैसी (62), निवासी खाजन बस्ती, नई दिल्ली, काकुलाझी (38), निवासी वेस्ट लैंड खमरिया, जबलपुर, रेशमा सैयद (66), शमीम नकवी (66), मरिना मैसी (39) पत्नी प्रदीप मैसी और त्रिशान मैसी (4 वर्ष) पुत्र प्रदीप मैसी शामिल हैं। एक शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मोहन यादव ने हादसे की जांच के दिए निर्देश
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्रूज दुर्घटना अत्यंत दु:खद है, राज्य सरकार ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसी दुर्घटना से मन दु:खी है। सभी नागरिकों को बोटिंग के दौरान लाइफ सेविंग जैकेट अवश्य पहननी चाहिए, जिन्होंने लाइफ जैकेट का इस्तेमाल किया, वे सुरक्षित रहे। भविष्य में इस प्रकार के हादसे न हो, इसके लिए पर्यटन विभाग से जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीम ने बहादुरी के साथ अपनी जान की परवाह किए बगैर कई लोगों को सुरक्षित बचाया है। जिन व्यक्तियों ने तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में हिस्सा लिया, उन सभी बहादुर नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मृतक परिजनों की आर्थिक मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में नाव (क्रूज) पलटने से लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

















