वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बयान जारी किया है। उन्होंने इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और वाइस प्रेसिडेंट को सुरक्षित जानकर राहत महसूस हुई। उन्होंने एक बार फिर से दोहराया है कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और वाइस प्रेसिडेंट को सुरक्षित और बिना किसी नुकसान के जानकर राहत हुई। हाल ही में वाशिंगटन डीसी के होटल में हुई सुरक्षा घटना के बाद मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और भलाई के लिए शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और इसे सख्ती से निंदा की जानी चाहिए।”
क्या है पूरा मामला
मामला कुछ यूं है कि एक सुरक्षा घटना हुई। यह कार्यक्रम वाशिंगटन हिल्टन होटल में चल रहा था। वहां एक शॉटगन से लैस व्यक्ति सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। इसमें एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को गोली लगी, लेकिन उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट ने उन्हें बचा लिया। एजेंट को गंभीर चोट नहीं आई। हॉल में सैकड़ों मेहमान मौजूद थे। गोली चलते ही दहशत फैल गई। लोग टेबल के नीचे छिप गए। सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया।
संदिग्ध व्यक्ति को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, वाइस प्रेसिडेंट जेडी वांस और अन्य टॉप अधिकारी वहां मौजूद थे। सभी को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया। कोई और घायल या हताहत नहीं हुआ। अभी तक संदिग्ध व्यक्ति के मकसद या पहचान के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं आई है।















