पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत मतदान चल रहा है। इसके तहत पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुरक्षित मतदान के लिए चुनाव आयोग ने कड़ी व्यवस्था कर रखी है। बावजूद इसके इस बीच मुर्शिदाबाद जिले में तनावपूर्ण स्थिति देखी गई। यहां हुमायूं कबीर और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें सामने आ रही है। बहरहाल, सुबह से 9 बजे तक के आकंड़ों को देखें तो राज्य में औसतन 18.76 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 अप्रैल की शाम को नौदा विधानसभा क्षेत्र के शिवनगर प्राइमरी स्कूल के पास (बूथ नंबर 9 और 10) एक कच्चा बम फेंका गया। बम फटने से एक महिला घायल हो गई। घायल व्यक्ति ने बताया कि वह शाम करीब 8 बजे नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकला था, तभी दो लड़कों ने उसके पैर के पास बम फेंक दिया। उसने आरोप लगाया कि यह हमला हुमायूं कबीर की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया।
टीएमसी उम्मीदवार सहीना मुमताज खान भी उस इलाके के पास थीं, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। टीएमसी सांसद अबू ताहेर खान ने हमले के लिए हुमायूं कबीर की अम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) पर आरोप लगाया। उल्लेखनीय है कि कबीर पहले टीएमसी में थे, बाद में उनको पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया। अब वे अम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हैं और रेजीनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
आज सुबह क्या हुआ?
वहीं आज सुबह जब हुमायूं कबीर घायल इलाके का दौरा करने पहुंचे, तो वहां टीएमसी कार्यकर्ताओं से उनकी झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। कुछ वीडियो में पत्थरबाजी भी दिखी। कबीर ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि नौदा, रेजीनगर और मुर्शिदाबाद की बाकी 22 सीटों पर शांतिपूर्ण वोटिंग हो रही है। उन्होंने सिर्फ दो बूथों में पुलिस बैग छीनने की घटना स्वीकारी। इसके अलावा दोमकल ब्लॉक और रायपुर गांव में भी कुछ जगहों पर वोटरों को धमकाने और वोटिंग बूथ तक जाने से रोकने की शिकायतें आईं। सुबह से ही कुछ इलाकों में हथियारबंद लोग दिखे।
इस बीच इन घटनाओं के बाद चुनाव आयोग ने इन घटनाओं पर रिपोर्ट मांगी है और भारी सुरक्षा बल तैनात किए हैं। कुछ जगहों पर केंद्रीय बलों ने वोटरों को बूथ तक पहुंचाने में मदद की। टीएमसी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

















