महराजगंज जिले के सिसवा उर्फ खोरिया गांव में एक प्राचीन शिव मंदिर में हुई घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दरअसल, एक विशेष समुदाय से जुड़ा किशोर काली पन्नी में मांस का टुकड़ा लाकर मंदिर परिसर में फेंक दिया। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और धीरे-धीरे आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुटने लगे।
मंदिर परिसर में मांस का टुकड़ा देख भड़के लोग- जैसे ही लोगों ने मंदिर परिसर में मांस का टुकड़ा देखा, उन्होंने तुरंत शोर मचाया और दूसरे लोगों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी ही देर में वहां भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। लेकिन गांव वालों ने समझदारी दिखाते हुए कोई हंगामा करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खोरिया चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मंदिर परिसर की सफाई करवाई, ताकि वहां की पवित्रता बनी रहे। साथ ही, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई, जिसका असर भी दिखा और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने लगी।
आरोपी से पूछताछ जारी- पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ नौतनवा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि घटना के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

















