अमेरिका और ईरान के बीच कथित तौर पर शांति स्थापित करने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान की घनघोर बेइज्जती हो गई है। दरअसल, ईरान ने अमेरिका के साथ दूसरा दौर की बातचीत से इनकार कर दिया है। यह बातचीत इस्लामाबाद में होनी थी। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस्लामिक सरकार इन वार्ताओं में शामिल नहीं होगी।
अमेरिका हकीकत से दूर है
ईरान का कहना है कि अमेरिका की मांगें बहुत ज्यादा हैं। ईरान को लगता है कि अमेरिका की उम्मीदें हकीकत से दूर हैं और हर मुद्दे पर विरोधाभास दिख रहा है। इसके अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य में चल रहे ब्लॉकेड को ईरान युद्धविराम का साफ उल्लंघन मान रहा है। पिछले कुछ दिनों की घटनाओं को समझें तो लेबनान में युद्धविराम होने के बाद ईरान ने होर्मुज खोल दिया था।
यह अमेरिका के साथ तय शर्तों के मुताबिक किया गया था। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जब तक शांति समझौता नहीं हो जाता, ईरानी जहाजों पर लगे ब्लॉकेड को नहीं हटाया जाएगा। ईरान ने इसे वादाखिलाफी माना और अगले ही दिन होर्मुज को फिर से बंद कर दिया। इससे बातचीत का माहौल बिगड़ गया।
अमेरिका पर भरोसा तोड़ने का आरोप
ईरान का आरोप है कि अमेरिका ने भरोसा तोड़ा है। वहीं ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिकी डेलिगेशन ईरान से बात करने के लिए पाकिस्तान जा रहा है। व्हाइट हाउस ने बाद में साफ किया कि इस टीम की अगुवाई उपराष्ट्रपति जेडी वांस करेंगे। उनके साथ स्पेशल एनॉय स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर भी होंगे।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरानी जहाज को अरब सागर में किया जब्त, इंजन रूम में गोली मारकर रोका
पाकिस्तान की सरकार भी इन बातचीत की तैयारी में जुट गई है। कल यानी 20 अप्रैल को ट्रंप की टीम पाकिस्तान पहुंचने वाली है। वहीं ट्रंप अपना बड़बोलापन बरकरार रखते हुए चेतावनी देते हैं कि ईरान अब उन्हें ब्लैकमेल नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि ईरान को एक अच्छा डील ऑफर किया जा रहा है। अगर ईरान इसे स्वीकार नहीं करता तो अमेरिका हमले शुरू कर देगा।
ईरान भी होर्मुज के मुद्दे पर अड़ा
ईरानी पक्ष भी होर्मुज के मुद्दे पर अड़ा हुआ है। उसे लगता है कि अमेरिका की तरफ से वादे पूरे नहीं हो रहे हैं। इस वजह से दूसरा दौर की वार्ता रद्द हो गई है। पाकिस्तान में होने वाली इन बातचीत को लेकर दोनों तरफ से अलग-अलग बयान आ रहे हैं। ईरान ने इनकार कर दिया है, लेकिन अमेरिकी टीम अभी भी इस्लामाबाद पहुंचने की तैयारी में है।

















