रुद्रप्रयाग: श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में भैरवनाथ जी की पूजा अर्चना के बाद बाबा केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल से आज केदारधाम को रवाना हो गई है। इस अवसर हजारों की संख्या में बाबा केदार के भक्त मंदिर परिसर और डोली मार्ग पर जय घोष करते हुए दिखाई दिए।
ये डोली अपने स्थानीय तीर्थ पुरोहित,श्रद्धालुओं के साथ पहले 20 अप्रैल को दूसरे पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल अप्रैल को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जायेगी। बाबा केदार की डोली के साथ गढ़वाल रेजिमेंट के वाद्ययंत्रों को बजाने वाली टोली भी साथ साथ परंपरागत रूप से चल रही है , इसी दौरान केदारनगरी में रावल, तीर्थ पुरोहितों,पंडा समाज और अन्य धर्माचार्य भी साथ साथ चल रहे है।
उल्लेखनीय है इस वर्ष बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को प्रात: 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे।
इस पावन दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रातः , प्रथम पूजा के समय मौजूद रहेंगे और पहली पूजा देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की जाएगी। बद्रिकेदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के बाबा केदार धाम पहुंचने की उम्मीद है क्योंकि बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों को यात्रा मार्ग पर कठिन चढ़ाई के बावजूद उत्साह से केदारनगरी की तरफ बढ़ते हुए देखा जा रहा है।

















