मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर शहर में एक बार फिर ‘लव जिहाद’ के आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है। कनाडिया क्षेत्र में किराए से रहकर निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने युवक राहुल उर्फ अब्दुल अजीज पठान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर खजराना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
राहुल बनकर जन-पहचान बढ़ाई
पीड़िता और आरोपी की मुलाकात करीब एक साल पहले स्कीम नंबर 78 इलाके में हुई थी। उस समय आरोपी ने खुद को हिन्दू नाम “राहुल” नाम से परिचित कराया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने खुद को भरोसेमंद साबित करते हुए शादी का प्रस्ताव भी रखा। पीड़िता के मुताबिक, जून 2025 में आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां उसके माता-पिता मौजूद नहीं थे। इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब छात्रा ने शादी की बात कही, तब आरोपी ने अपना असली नाम अब्दुल अजीज पठान बताया और कथित तौर पर धर्म परिवर्तन की शर्त रख दी।
छात्रा ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और उसके निजी वीडियो वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल करने लगा। इस डर के कारण वह लगातार उसके दबाव में आती रही और आरोपी द्वारा शारीरिक शोषण किया जाता रहा। पीड़िता का कहना है कि सितंबर महीने में भी आरोपी ने उसे जबरन अपने घर ले जाकर संबंध बनाए।
इसे भी पढ़ें: हिन्दू लड़कियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें इस्लाम में धकेलनेवाला ‘जस्सी किन्नर’ आया पुलिस की गिरफ्त में
देता था गर्भपात की दवाइयां
घटना से मानसिक रूप से परेशान होकर छात्रा छिंदवाड़ा स्थित अपने घर चली गई, जहां उसने अपने परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों के साथ वह दोबारा इंदौर लौटी और हिन्दू संगठनों का साथ लेकर शनिवार रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उक्त प्रकरण में पीड़िता ने आरोपी पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उसने बताया कि आरोपी उसे जबरन बुर्का पहनने के लिए कहता था। एमडी ड्रग का सेवन करवाता था। प्रेग्नेंसी टेस्ट कराने के लिए मजबूर करता था और गर्भपात की दवाइयां भी देता था। इसके अलावा, धार्मिक स्थल पर ले जाकर जबरन कलमा पढ़वाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने इन आरोपों से जुड़े कुछ फोटो और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं।
खजराना थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को देर रात हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने सुनियोजित तरीके से अपनी पहचान छिपाकर छात्रा को धोखे में रखा और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। साथ ही, पीड़िता द्वारा लगाए गए ड्रग्स, ब्लैकमेलिंग और धार्मिक दबाव जैसे आरोपों की भी पुष्टि की जा रही है।














