दिल्ली और एनसीआर में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को दिल्ली में आंधी, तेज़ हवाओं और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए “पीला अलर्ट” भी जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिल्ली में बारिश से ठंडक- मंगलवार रात को भी दिल्ली में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम ठंडा हो गया। कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग और लोधी रोड में करीब 3 मिमी बारिश हुई, जबकि पालम, रिज और आयानगर में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य कारण माना जा रहा है, जो उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करता है। मौसम विभाग का कहना है कि 9 अप्रैल को मौसम थोड़ा सामान्य हो जाएगा। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद है और तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 33 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है।
इस दौरान लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है, क्योंकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। हालांकि दिन के समय धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगेगी। अगर एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी 8 अप्रैल को लगभग ऐसा ही मौसम रहेगा। इन जगहों पर भी बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां का तापमान भी लगभग 27 डिग्री (अधिकतम) और 17 डिग्री (न्यूनतम) के आसपास रहने की संभावना है। 9 अप्रैल के बाद इन शहरों में भी मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल तक बारिश की कोई खास संभावना नहीं है और आसमान ज्यादातर साफ रहेगा।

















