अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान की पूरी ‘सभ्यता आज रात खत्म हो जाएगी’, क्योंकि वहां की इस्लामी सरकार ने उनकी शांति की मांगों को ठुकरा दिया है। अब उस देश पर कहर बरसाने के लिए दी गई समय सीमा खत्म होने में बस कुछ ही समय बचा है।
दरअसल, ईरान को दिए गए ट्रंप के अल्टीमेटम की समयसीमा मंगलवार (7 अप्रैल) को रात 8 बजे खत्म हो जाएगी। इसके तहत ईरान को आज एक समझौते पर राजी होना था, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना शामिल था। अगर ऐसा नहीं किया गया तो ईरान को हमलों का सामना करना पड़ेगा।
‘आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी’
ट्रंप ने धमकी भरे अंदाज में ट्रुथ सोशल पर लिखा, “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा ही होगा।” उन्होंने कहा कि हमें आज रात पता चल जाएगा, यह दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक होगा। शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत घटित हो सकता है, कौन जाने? ट्रंप ने आगे यह भी कहा, “47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा। ईरान के महान लोगों पर ईश्वर की कृपा हो।”
खार्ग द्वीप पर लगभग 50 सैन्य ठिकानों पर हमला
अमेरिका ने सोमवार (6 अप्रैल) की पूरी रात खार्ग द्वीप पर लगभग 50 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। यह द्वीप ईरान से तेल निर्यात का एक अहम केंद्र है और इसे कब्जाने के लिए और अधिक हमले की संभावना जताई जा रही है। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी हवाई हमलों में बंकरों, एक रडार स्टेशन और गोला-बारूद के गोदामों को निशाना बनाया गया है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें द्वीप पर हुई तबाही के बाद का मंजर साफ देखा जा सकता है।
ईरान ने ट्रंप की मांगों को मानने का कोई संकेत नहीं दिया
रॉयटर्स के अनुसार, ईरान पर सैन्य कार्रवाई तब शुरू हुई, जब उनके वरिष्ठ अधिकारियों ने मध्यस्थों के जरिए अमेरिका के साथ अस्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। ईरान के इस्लामी शासन ने ट्रंप की उस मांग को मानने का कोई संकेत नहीं दिया, जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने की बात कही थी। यह जलमार्ग एक बेहद अहम ‘चोकपॉइंट’ (संकरा समुद्री रास्ता) है, जिससे होकर दुनिया का लगभग 20 से 25 प्रतिशत समुद्री तेल गुजरता है।
ईरान पर हो सकता है अब तक का सबसे बड़ा हमला: अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार ईरान के पास मंगलवार तक उस रास्ते को फिर से खोलने का समय है, वरना उसे नागरिक इंफ्रास्ट्रक्चर (जिसमें पुल और पावर प्लांट शामिल हैं) पर हमलों का सामना करना पड़ेगा। यह इस युद्ध का अब तक का सबसे बड़ा हमला होगा। ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि अगर ईरान उनकी मांगें नहीं मानता है, तो हम उनके सभी पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाएंगे। उनका सबकुछ तबाह कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे-जैसे ट्रंप की समय सीमा करीब आ रही है ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने से इनकार कर रहा है। वैश्विक तेल बाजार में हालात बेकाबू हो गए हैं। इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने चेतावनी दी है कि अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के कारण होर्मुज बाधित होने से वैश्विक तेल आपूर्ति में अभूतपूर्व संकट पैदा हो गया है, जो 1970 के दशक से भी अधिक गंभीर है। अमेरिका में गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। हालांकि ट्रंप ने पहले भी ईरान के लिए कई समय सीमा तय की थीं, लेकिन जब ईरान ने उनकी मांगें मानने से इनकार कर दिया, तो वे देश को खुलेआम तबाह करने की चेतावनी दे रहे हैं।

















