पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। अपने देश की दुर्गति को छिपाने के लिए अब पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ भारत को गीदड़ भभकी दे रहे हैं। आसिफ ने शनिवार को कहा कि अगर भारत भविष्य में कोई दुस्साहस करने की कोशिश करता है तो पाकिस्तान कोलकाता तक हमला कर सकता है। यह बयान उसने अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए दिया।
भारत के खिलाफ फैलाया झूठ
आसिफ ने एक बार फिर से भारत के खिलाफ झूठ फैलाते हुए आरोप लगाया कि भारत इस बार फिर कोई झूठा अभियान चलाने की योजना बना रहा है। उसका कहना था कि भारत अपने लोगों या पाकिस्तानियों के जरिए कुछ शवों को कहीं रखकर यह दिखाने की कोशिश कर सकता है कि वे आतंकवादी थे और उन्होंने कुछ कार्रवाइयां कीं। उन्होंने इस दावे के लिए कोई सबूत नहीं दिए। आसिफ ने कहा, “अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहराकर कोई ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।”
राजनाथ सिंह के बयान पर कही ये बात
ख्वाजा आसिफ ये गीदड़ भभकी भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया बयान के जवाब में आई है। राजनाथ सिंह ने गुरुवार को केरल में एक कार्यक्रम में कहा था कि अगर पाकिस्तान कोई दुस्साहसिक हरकत करता है तो भारत की जवाबी कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी। सिंह ने अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।
इसके भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों और बुनियादी ढांचे पर हमला किया था। इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बताया गया। राजनाथ सिंह के अनुसार, इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को महज 22 मिनट में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान था। सिंह ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है और अगर पाकिस्तान ने फिर ऐसी हरकत की तो जवाब ऐसा होगा जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे।
ख्वाजा आसिफ ने पहले भी गुरुवार को कहा था कि पाकिस्तान की कोई भी हमले पर प्रतिक्रिया त्वरित, सुनियोजित और निर्णायक होगी। उसने भारत पर आरोप लगाया था कि वह झूठे नाटक रचने की कोशिश कर रहा है। आसिफ ने साफ कहा कि अगली बार संघर्ष 200-250 किलोमीटर तक सीमित नहीं रहेगा और पाकिस्तानी बल भारतीय क्षेत्र के अंदर जाकर हमला कर सकते हैं।

















