लखनऊ। मेरठ का रहने वाला साकिब उर्फ डेविल अपने साथियों के साथ देशविरोधी गतिविधियों में शामिल था। ये गैंग रेलवे सिग्नल बॉक्स, प्रतिष्ठित संस्थानों, गैस सिलेंडर से भरे ट्रकों और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाने का षड्यंत्र रच रहा था। उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तान हैंडलर और कट्टरपंथी संगठनों के इशारे पर घटना करने वाले इस गिरोह के चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये चारों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स के लगातार संपर्क में बने हुए थे।
आतंकियों की साजिश
चारों आतंकी लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइन और सिग्नल सिस्टम को आगजनी और विस्फोट कर उसे उड़ाने की तैयारी कर रहे थे। एटीएस ने मौके पर पहुंचकर साकिब उर्फ डेविल, विकास गहलावत उर्फ रौनक, लोकेश उर्फ पपला पंडित और अरबाब को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आतंकी राजनीतिक व्यक्तियों और महत्वपूर्ण संस्थानों की रेकी कर रहे थे। उसकी जानकारी पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाई जा रही थी।
महत्वपूर्ण स्थलों और रेलवे संपत्तियों की रेकी
गाजियाबाद, अलीगढ़ और लखनऊ के कुछ महत्वपूर्ण और रेलवे संपत्तियों की रेकी की गई थी। गिरफ्तार किये गए आतंकी पाकिस्तानी हैंडलर्स को गूगल लोकेशन भेज रहे थे। इन्होंने कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया था और उसका वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजा था। पाकिस्तानी हैंडलर क्यू आर कोड के माध्यम से पैसा भेजता था। पाकिस्तानी हैंडलर्स सोशल मीडिया पर ओसामा बिन लादेन, फरहतुल्ला गोरी, कश्मीर मुजाहिद्दीन और गजवा-ए-हिंद जैसे आतंकियों के भड़काऊ भाषण भेजकर इस प्रकार के लोगों का ब्रेन वाश कर रहे हैं।
ज्वलनशील पदार्थ बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक ज्वलनशील पदार्थ, 7 स्मार्टफोन, 24 पंपलेट और आधार कार्ड बरामद किए गए। आतंकी, भारत में आतंक का माहौल बनाना चाहते थे।

















