भुवनेश्वर। ओडिशा में गौतस्करों का आतंक बढता जा रहा है । बालेश्वर जिले के खंतापडा थाना क्षेत्र में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग में पणपणा के पास गौवंश को अवैध रुप से लेकर जा रहे वाहन को रोकने के प्रयास करते समय उसे एस्कर्ट कर जा रहे दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। इस कारण एक गौ रक्षा कार्यकर्ता की मौत हो गई है जबकि एक अन्य कार्य़कर्ता गंभीर रुप से घायल हो कर मृत्यु के साथ संघर्ष कर रहा है । इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में तनाव देखा गया । स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना को अंजाम देने वाले गौतस्करों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को सहायता तथा गौतस्करी पर पूर्ण रोक लगाने की मांग को लेकर राजमार्ग को काफी समय तक अवरोध किया । इस कारण काफी समय तक इस मार्ग पर आबाजाही बाधित रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार तडके एक आईचर कंटेनर (WB29B-8215) में मवेशियों की तस्करी होने की सूचना मिलने पर कुछ गो-रक्षा कार्यकर्ताओं ने वाहन को रोकने के लिए खंतापाड़ा के पास से उसका पीछा किया। बाइक के जरिये जा रहे इन कार्यकर्ताओं के बाइक को पणपणा स्थित मोनाली ढाबा के पास गौतस्करी वाहन को एस्कर्ट कर ले जा रहे एक वाहन ने पीछे से टक्कर मार कर वहां से फरार हो गया । इस कारण बाइक सवार एक कार्यकर्ता कृपासिंधु बेहेरा लंबोदर गंभीर रुप से घायल हो गये । स्थानीय लोगों ने दोनों को निकटतम बालेश्वर के सोरो स्थित अस्पताल लेकर गये जहां डाक्टरों ने कृपासिंधु को मृत घोषित कर दिया । लंबोदर की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें पहले बालेश्वर अस्पताल ले जाया गया और बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

गौवंश को लेकर जा रहे कंटेनर तेजी से वहां से निकलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सोरो पुलिस की टीम विपरीत दिशा से वहां पहुंची । इस कारण कंटेनर चालक के पास किसी प्रकार का विकल्प न होने के कारण वह वाहन को बारिकपुर हाट के निकट छोड कर भाग निकला । इसके बाद सोरो पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर उसे खंतापडा पुलिस को सौंपा। पुलिस ने कंटेनर से 47 गौवंशों को छुडाया जिन्हें अत्यंत क्रुर तरीके से लिया जा रहा था । इन गौवंशों को एक स्थानीय गौशाला में छोडा गया है । दुर्घटना के बाद कृपासिंधु के परिवार के लोगों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरु की । मंगलवार पूर्वाह्न में अतिरिक्त एसपी निरंजन बेहेरा, साइंटीफिक टीम व खंतापडा थाने के पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर जांच शुरु की । खंतापडा पुलिस ने सोरो मेडिकल में कृपासिंधु के पार्थिव शरीर को पोस्ट मार्टम करा कर उनके परिवार को सौंपा।
इसके बाद बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्तांओं ने पार्थिव शरीर को लेकर अपने मांगों को लेकर खंतापडा थाने के सामने सडक पर धरना दिया । उनकी मांगों में दुर्घटना का अंजाम देने वाले व्यक्तियों की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार के लोगों को एक करोड रुपये की सहायता व सरकारी नौकरी, घाय़ल कार्यकर्ता को 50 लाख रुपये की सहायता तथा गौ तस्करी पर पूरी तरह से रोक लगाये जाने की मांग शामिल है । इसकी सूचना मिलते ही बालेश्वर के अतिरिक्त जिलाधिकारी हेमंत कुमार सिंह, एसपी प्रत्युष दिवाकर, अतिरिक्त एसपी निरंजन बेहेरा व अन्य अधिकारी पुलिस फोर्स लेकर धरना स्थल पर पहुंचे तथा आंदोलनरत लोगों से बातचीत की । काफी समय तक धरना के बाद स्थिति सामान्य हो सकी ।

















