नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, सुकांत मजूमदार और पीयूष गोयल ने अन्य नेताओं के साथ दिल्ली में चुनाव आयोग से ममता बनर्जी की शिकायत की और याचिका सौंपी।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हमारी एक-एक बात चुनाव आयोग ने सुनीं। ममता बनर्जी खुद लोगों के घर तक जाकर धमकी दे रही हैं। उनकी टीम ने चुनाव को हाईजैक कर लिया है। उन्होंने कहा कि हमने चुनाव आयोग के खिलाफ ये चिंता व्यक्त की है। आयोग से अपील की है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने दादागिरी करके जीत हासिल की। इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए क्योंकि चुनाव लोगों को अपनी मर्जी से मतदान करने का एक अवसर होता है। लोकतंत्र में वोट एक मतदाता का अधिकार होता है। उसे कोई नहीं छीन सकता है। चुनाव आयोग को मतदाता के वोट को सुरक्षित करना चाहिए।
TMC ने कर लिया है प्रशासन और पुलिस मशीनरी पर कब्जा
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाए कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस मशीनरी पर तृणमूल कांग्रेस ने पूरा कब्जा करके रखा हुआ है। चुनाव आयोग को बंगाल के प्रशासन और पुलिस तंत्र को अपने नियंत्रण में लेना चाहिए। पश्चिम बंगाल में जनता तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि लोग आवाज उठा रहे हैं। ममता बनर्जी चुनाव हारने जा रही हैं। इससे टीएमसी बौखला चुकी है। इसी के कारण तृणमूल कांग्रेस पूरे चुनाव को हाईजैक करना चाहती है।

















