अगर आपको खाने के साथ थोड़ा तीखा और चटपटा स्वाद पसंद है, तो हरी मिर्च का अचार आपके लिए बिल्कुल सही है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती। आप सिर्फ 15 मिनट में घर पर स्वादिष्ट अचार तैयार कर सकते हैं।
सबसे पहले 250 ग्राम ताजी हरी मिर्च लें। मिर्च को अच्छी तरह धोकर सूखा लें, ताकि उसमें पानी न रहे। अब मिर्च के डंठल हटा दें और उन्हें बीच से हल्का सा चीरा लगा लें। ध्यान रखें कि मिर्च पूरी तरह कटनी नहीं चाहिए। अब एक कढ़ाई में 2-3 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। तेल को अच्छी तरह धुआं निकलने तक गरम करें, फिर थोड़ा ठंडा होने दें। इससे अचार का स्वाद और बढ़ जाता है। अब मसाला तैयार करें। एक कटोरे में 1 चम्मच नमक, 1 चम्मच हल्दी, 2 चम्मच सौंफ (दरदरी पिसी हुई), 1 चम्मच राई (पीसी हुई), 1/2 चम्मच मेथी दाना (हल्का भुना हुआ) और 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालें। इन सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें।
अब इस मसाले को मिर्च के अंदर भर दें और बाकी मसाला ऊपर से भी डाल दें। इसके बाद ठंडा किया हुआ सरसों का तेल मिर्च पर डालें और अच्छी तरह मिलाएं, ताकि सभी मिर्च मसाले और तेल में अच्छी तरह लिपट जाएं। अब इसमें 2-3 चम्मच नींबू का रस डालें और फिर से मिला लें। आपका झटपट बनने वाला हरी मिर्च का चटपटा अचार तैयार है। इसे आप तुरंत भी खा सकते हैं, लेकिन अगर 1-2 दिन के लिए इसे किसी साफ कांच के जार में रख दें, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा। यह अचार दाल-चावल, पराठा या साधारण रोटी के साथ भी बहुत स्वादिष्ट लगता है। तो अब जब भी मन करे कुछ चटपटा खाने का, बाजार जाने की जरूरत नहीं, घर पर ही झटपट हरी मिर्च का अचार बनाएं और खाने का मजा दोगुना करें।











