सर्दियों में खाने के साथ अगर तीखा और मजेदार अचार मिल जाए, तो खाने का मजा ही अलग हो जाता है। हरी मिर्च का अचार बनाना बहुत ही आसान है और थोड़ी-सी सामग्री में घर पर झटपट तैयार भी हो जाता है। घर का बना अचार साफ-सुथरा और बिना किसी मिलावट के होता है, इसलिए स्वाद भी ज्यादा अच्छा आता है।
हरी मिर्च का अचार बनाने के लिए सामग्री- हरी मिर्च- 250 ग्राम, सरसों के दाने (मोटे कुटे हुए)- 2 बड़े चम्मच, सौंफ पाउडर- 2 बड़े चम्मच, हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच, नमक- स्वादानुसार, नींबू का रस या सिरका- 2 बड़े चम्मच, सरसों का तेल- ½ कप।
अचार बनाने की विधि- हरी मिर्च धोकर अच्छी तरह कपड़े से सुखा लें। मिर्च में नमी नहीं होनी चाहिए। अब मिर्च को बीच से लंबा काटें। चाहे तो दो टुकड़ों में भी काट सकते हैं। एक बाउल में सरसों, सौंफ, हल्दी और नमक मिलाकर मसाला तैयार करें। अब इस मसाले को हरी मिर्च में अच्छे से भर दें। एक पैन में सरसों का तेल हल्का-सा गर्म करके ठंडा कर लें। भरी हुई हरी मिर्च को एक कांच की साफ बोतल में भरें और ऊपर से तेल डाल दें। अब इसमें नींबू रस या सिरका डाल दें ताकि अचार ज्यादा दिन तक ठीक रहे। बोतल को 2–3 दिन धूप में रख दें और हर रोज बोतल को हल्का-सा हिलाते रहें। कुछ ही दिनों में आपका स्वादिष्ट हरी मिर्च का अचार तैयार हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- रोजाना गोंद के लड्डू खाने के फायदे, सर्दियों में क्यों जरूरी है इसका सेवन?
टिप्स- अचार में कभी भी पानी नहीं जाना चाहिए। कांच की बोतल ही इस्तेमाल करें, स्टील या प्लास्टिक से बचें। अच्छी शेल्फ लाइफ के लिए तेल पूरी तरह मिर्च को ढक लेना चाहिए। रोटी, पराठा, दाल-चावल, खिचड़ी या नाश्ते के साथ हरी मिर्च का अचार हर चीज का स्वाद बढ़ा देता है।











